पूर्व भारतीय स्पिनर लक्ष्मण शिवरामाकृष्णा ने पंजाब किंग्स के गेंदबाज युजवेंद्र चहल पर तीखा हमला किया है। शिवरामाकृष्णा का कहना है कि चहल को सलाखों के पीछे होना चाहिए। शिवरामाकृष्णा का बयान ऐसे समय सामने आया है जब हाल ही में सोशल मीडिया पर चहल का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह फ्लाइट के अंदर वेपिंग का इस्तेमाल करते दिख रहे थे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने अर्शदीप सिंह के व्लॉग की क्लिप और स्क्रीनशॉट शेयर किया था जिसमें दावा किया गया था कि चहल ने फ्लाइट में वेपिंग की है। यह वीडियो तब का बताया जा रहा है जब पंजाब किंग्स की टीम अहमदाबाद से हैदराबाद की यात्रा कर रही थी। सोशल मीडिया यूजर्स ने यह भी दावा किया था कि व्लॉग के ओरिजिनल वीडियो को बाद में एडिट कर दिया गया। अमर उजाला इस वीडियो के सत्यापन की पुष्टि नहीं करता है।
इस मामले पर अब शिवरामाकृष्णा ने एक्स पर लिखा, भारत में वेप प्रतिबंधित है। ऐसे व्यक्ति को जेल में डाल देना चाहिए। कानून बनाने का क्या फायदा जब उन्हें लागू ही न किया जाए? मैच फीस का 25% तो मामूली रकम है। अगर किसी आम आदमी ने ऐसा किया होता, तो क्या कार्रवाई होती?
बीसीसीआई ने दिखाई सख्ती
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने यह मामला सामने आने के बाद सख्ती दिखाई है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बोर्ड ने पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को व्लॉगिंग बंद करने के निर्देश दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कदम कथित तौर पर युजवेंद्र चहल से जुड़े वेपिंग विवाद के बाद उठाया गया है। आईपीएल के मौजूदा सीजन में वेपिंग से जुड़ा यह दूसरा विवाद है। इससे पहले रियान पराग पर न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करने का आरोप लगा था।