आईपीएल के 46 वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी किंग्स इलेवन पंजाब ने 20 ओवरों में 4 विकेट पर 179 रन बनाए। पंजाब की बल्लेबाजी में ओपनर हाशिम अमला की पारी अहम रही। उन्होंने 56 गेंदों में 2 छक्के और 14 चौकों की बदौलत 96 रन बनाए। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद ने 19.4 ओवर में ही 3 विकेट पर 183 रन बना दिए।
लाइव स्कोरकार्ड देखने के लिए क्लिक करें।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी किंग्स इलेवन पंजाब की ओपनिंग ठीक-ठाक रही। हालांकि ओपनर और कप्तान मुरली विजय कामयाब नहीं रहे। वह 6 रन के निजी स्कोर पर तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान का शिकार हुए। हैदराबाद को दूसरी सफलता विकेटकीपर बल्लेबाज रिद्दिमन साहा के रुप में गिरा। आउट होने से पहले साहा ने ओपनर हाशिम अमला के साथ 54 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की।
दो विकेट गिरने के बाद नए बल्लेबाज गुरकीरत मान ने अमला के साथ समझदारी से बल्लेबाजी शुरू की और हैदराबाद को विकेट लेने का मौका नहीं दिया। दोनों बल्लेबाजों ने महज 30 गेंदों में ही अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। इससे पहले अमला ने तेज फिफ्टी पूरी की। दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी तोड़ना इस वक्त हैदराबाद के कप्तान डेविड वॉर्नर के लिए चुनौती साबित हो चला था। कप्तान ने अपने सबसे घातक गेंदबाज मुस्ताफिजुर को उतारा लेकिन उन्हें भी दोनों बल्लेबाजों ने नहीं बख्शा। 17 वें ओवर में पंजाब के बल्लेबाजों ने मुस्ताफिजुर पर 17 रन बटोरे।
18 वें ओवर में भुवनेश्वर ने गुरकीरत को आउट कर इस खतरनाक साझेदारी का अंत किया। अमला और गुरकीरत के बीच 65 रन की साझेदारी हुई। लेकिन दूसरी छोर से अमला लगातार हिट करते रहे। उधर, नए बल्लेबाज डेविड मिलर ने भी आते ही हाथ खोले और कुछ बाउंड्री लगाई। अमला आखिर ओवर में शतक लगाने से चूक गए। उन्हें भुवी ने आउट किया।