आईपीएल के 14वें सीजन में किंग्स इलेवन पंजाब की टीम बदली बदली नजर आएगी, क्योंकि फ्रेंचाइजी ने किंग्स इलेवन पंजाब का नाम बदलकर पंजाब किंग्स कर दिया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, 'टीम लंबे समय से नाम बदलने की सोच रही थी और लगा कि इस आईपीएल से पहले यह करना सही होगा। यह अचानक लिया गया फैसला नहीं है।'
दरअसल, मोहित बर्मन, नेस वाडिया, प्रीति जिंटा और करण पॉल की यह टीम अभी तक एक बार भी आईपीएल नहीं जीत सकी है। टीम एक बार उपविजेता रही और एक बार तीसरे स्थान पर रही। बता दें कि 18 फरवरी को खिलाड़ियों की नीलामी होगी। इससे पहले फ्रेंचाइजी ने टीम का नाम बदल दिया है। इस बार की नीलामी में 292 खिलाड़ियों की बोली लगेगी। 292 खिलाड़ियों में 164 भारतीय और 128 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। इन 128 विदेशी खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के हैं।