भारतीय स्पिनरों कुलदीप यादव (4/14) और रविंद्र जडेजा (3/31) की मदद से भारतीय टीम ने श्रीलंका दौरे में अभ्यास मैच में शानदार शुरुआत की। भारतीय टीम ने श्रीलंका बोर्ड अध्यक्ष एकादश को महज 187 रन पर ढेर कर दिया। दो दिवसीय मैच के पहले दिन के खेल की समाप्ति तक भारतीय टीम ने तीन विकेट पर 135 रन बना लिए हैं। कप्तान विराट कोहली 34 और अजिंक्य रहाणे तीस रन बनाकर खेल रहे हैं।
मेजबान श्रीलंका बोर्ड अध्यक्ष एकादश ने धनुष्का गुणातिलका (74) और लाहिरू थिरिमाने (59) की मदद से एक समय एक विकेट पर 139 रन बना लिए थे लेकिन 38वें ओवर में थिरिमाने के आउट होने के बाद अगले नौ बल्लेबाज 48 रन जोड़कर पवेलियन लौट गए। श्रीलंका बोर्ड अध्यक्ष एकादश की पूरी पारी 55.5 ओवरों में सिमट गई। पहला टेस्ट गाले में 26 जुलाई से खेला जाएगा और उससे पहले गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने शुरुआत में अच्छी तेजी दिखाई और पांच ओवरों में दो विकेट लिए। भारतीय टीम ने अपने सभी आठ गेंदबाजों को आजमाया। इशांत शर्मा, उमेश यादव, भुवनेश्वर कुमार और हार्दिक पांड्या ने कसी हुई गेंदबाजी लेकिन उन्हें विकेट नहीं मिल सका।