हाल ही में खत्म हुई टी-20 सीरीज में वेस्टइंडीज पर क्लीन स्विप करते ही ताजा टी-20 रैंकिंग में टीम इंडिया ने अपनी जगह और मजबूत कर ली है। पहले पायदान पर मौजूद चिर-प्रतिद्विंद्वी पाकिस्तान को चुनौती देते हुए भारतीय टीम दमदारी से दूसरे क्रम पर काबिज है।
2006 से 'ब्लू ब्रिगेड' ने 107 टी-20 मुकाबले खेले। 68 जीत और 36 हार के साथ उसका जीत प्रतिशत 65.23 का रहा। दूसरी ओर टी-20 की नंबर एक टीम पाकिस्तान 65.10 का है। टी-20 में भारतीय टीम के इस खेल का श्रेय कई मायनों में आईपीएल को भी जाता है।
भारतीय क्रिकेट टीम के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में शानदार गेंदबाजी की है। कुलदीप को इस प्रदर्शन का इनाम आईसीसी की ताजा जारी टी-20 रैंकिंग में मिला है।
टीम इंडिया के स्पिनर कुलदीप यादव ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में बेहतरीन गेंदबाजी से टीम को जीत दिलाई। आईसीसी की ताजा जारी टी-20 गेंदबाजी रैंकिंग में कुलदीप ने 14 पायदान की छलांग लगाई है। वह गेंदबाजी रैंकिंग में 34 वें स्थान से उपर उठकर 23वें पायदान पर पहुंच गए हैं।
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार नौ पायदान चढ़कर शीर्ष 20 में शामिल हो गए हैं। वह 19वें जबकि जसप्रीत बुमराह 21वें स्थान पर हैं। बुमराह पांच पायदान आगे बढ़े हैं।
ऑलराउंडरों की सूची में शीर्ष चार में कोई बदलाव नहीं हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल शीर्ष पर बने हुए हैं। उनके बाद मोहम्मद नबी, शकिब अल हसन और जेपी डुमिनी का नंबर आता है।
इस बीच ऑस्ट्रेलिया को इस महीने में चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने हैं। इनमें से एक मैच वह दक्षिण अफ्रीका और तीन भारत के खिलाफ खेलेगा। अगर वह चारों मैच में जीत दर्ज करता है तो उसके 126 अंक हो जाएंगे और वह दूसरे स्थान पर काबिज हो जाएगा।
लेकिन अगर वह सभी चार मैच हार जाता है तो वह 112 अंक के साथ छठे स्थान पर पहुंच जाएगा। इसी तरह से अगर दक्षिण अफ्रीका 17 नवंबर को होने वाले मैच में जीत दर्ज करता है तो उसको तीन अंक मिलेंगे। भारत अगर तीनों मैच में जीत दर्ज करता है तो उसके 129 अंक हो जाएंगे।
वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए तीन टी-20 मुकाबले की सीरीज के आखिरी मुकाबले में कुलदीप को आराम दिया गया था। सीरीज के दो मुकाबलों में उन्होंने 5.6 की इकोनॉमी के साथ कुल 5 विकेट चटकाए थे।
टी-20 क्रिकेट में चौथा शतक लगाकर इतिहास रचने वाले रोहित शर्मा को बल्लेबाजी रैंकिंग में तीन पायदान का फायदा हुआ है जबकि शिखर धवन ने पांच स्थान की छलांग लगाई है। रोहित टी-20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में 7वें जबकि धवन 16वें स्थान पर आ गए हैं।
टीम रैंकिंग की बात करें तो भारत को वेस्टइंडीज का क्लीन स्वीप करने का फायदा मिला है। टीम तीन अंक हासिल कर तीसरे से दूसरे नंबर पर आ गई है। लगातार तीनों मैच जीतने के बाद भारत 124 से 127 अंकों पर पहुंच गया है। पाकिस्तान की टीम को ऑस्ट्रेलिया पर 3-0 की जीत से दो अंक मिले हैं। वह 138 अंक लेकर पहले नंबर पर बना हुआ है।