फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

KS Bharat Retirement: केएस भरत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, विराट-रोहित और द्रविड़ को कहा धन्यवाद

Thu, 04 Jun 2026 08:01 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत ने सात टेस्ट मैचों के करियर के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। संन्यास लेते हुए उन्होंने विराट कोहली, रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ समेत परिवार, बीसीसीआई और अपने साथियों का आभार जताया।
विज्ञापन
केएस भरत - फोटो : KS Bharat (Instagram)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। 32 वर्षीय भरत ने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपने क्रिकेट करियर, परिवार और उन लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया जिन्होंने उनके सफर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भरत ने भारत के लिए कुल सात टेस्ट मैच खेले। वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023 में भारतीय टीम का हिस्सा भी रहे थे। हालांकि उन्हें कई अवसर मिले, लेकिन वह टेस्ट टीम में स्थायी जगह बनाने में सफल नहीं हो सके। उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापत्तनम टेस्ट था।
विज्ञापन

भावुक पोस्ट में जताया आभार
संन्यास की घोषणा करते हुए भरत ने लिखा कि देश का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। उन्होंने अपने माता-पिता और बहन का विशेष रूप से धन्यवाद किया, जिन्होंने दो दशकों तक उनके सपनों को साकार करने में पूरा सहयोग दिया। भरत ने कहा कि भारतीय टेस्ट टीम तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था, लेकिन देश के लिए खेलने का गौरव हर चुनौती से बड़ा रहा।
 

घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीमित अवसर मिलने के बावजूद भरत का घरेलू क्रिकेट करियर बेहद सफल रहा है। उन्होंने 116 प्रथम श्रेणी मैचों में 6,102 रन बनाए हैं। उनके नाम एक तिहरा शतक भी दर्ज है और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 308 रन रहा है। उन्होंने अपने संन्यास संदेश में स्पष्ट नहीं किया कि वह घरेलू क्रिकेट से भी विदाई ले रहे हैं या नहीं। ऐसे में माना जा रहा है कि वह फिलहाल घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रख सकते हैं।

बीसीसीआई, आंध्र क्रिकेट संघ और साथियों को दिया धन्यवाद
भरत ने अपने संदेश में बीसीसीआई, कोचों, मैनेजरों और अपने सभी साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन और विशाखापत्तनम डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन का भी विशेष धन्यवाद किया, जिन्होंने बचपन से लेकर पेशेवर क्रिकेट तक उनके विकास में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने ग्राउंड्समैन के योगदान को भी याद करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनकी मेहनत भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है।
विज्ञापन

विराट, रोहित और द्रविड़ को किया याद
भरत ने अपने करियर में अहम भूमिका निभाने वाले तीन बड़े नामों का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी कप्तानी में उन्हें आईपीएल डेब्यू करने का मौका मिला, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और पहचान बनाने का अवसर मिला। इसके अलावा उन्होंने भारतीय टेस्ट टीम में पदार्पण कराने वाले कप्तान रोहित शर्मा का भी आभार जताया।

भरत ने कहा कि रोहित की कप्तानी में टेस्ट डेब्यू करना उनके लिए अनमोल अनुभव रहा। पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को याद करते हुए भरत ने कहा कि इंडिया-ए से लेकर भारतीय टीम तक उनकी यात्रा में द्रविड़ का मार्गदर्शन बेहद महत्वपूर्ण रहा और उनके समर्थन के बिना भारतीय टेस्ट क्रिकेटर बनने का सपना पूरा नहीं हो पाता।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें