फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोहली और धोनी से यह खास चीज सीखना चाहते हैं क्रुणाल पंड्या, माही को बताया बेस्ट फिनिशर

Mon, 22 Jul 2019 11:38 PM IST
Rajeev Rai स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
धोनी को मांकड़िंग का प्रयास करते क्रुणाल
विज्ञापन

वेस्टइंडीज दौरे पर जाने वाली भारतीय टी-20 टीम के सदस्य ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या ने कहा कि वह कप्तान विराट कोहली से जीत का जज्बा और विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी से धैर्य रखना सीखना चाहते हैं। पिछले साल चार नवंबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करने वाले क्रुणाल ने अब तक 11 मैचों में 11 विकेट झटकने के साथ पांच पारियों में 23 के औसत से 70 रन भी बनाए है।

विज्ञापन

 

विराट-धोनी से हैं प्रभावित

कप्तान कोहली के जज्बे से प्रभावित क्रुणाल ने कहा, ‘मैं विराट से सीखना चाहूंगा कि लगातार अच्छा करने की भूख कैसे बरकरार रखी जाती है। वह कैसे हर प्रारूप में इतना निरंतर प्रदर्शन करते हैं। हर मैच में वह शून्य से शुरू करते हैं फिर काफी रन बनाते हैं और टीम को जीत दिलाते हैं।’ महेंद्र सिंह धोनी के बारे में उन्होंने बीसीसीआई टीवी से कहा, ‘माही भाई की तरह का फिनिशर भारतीय क्रिकेट के इतिहास में कोई हुआ ही नहीं है, मेरे हिसाब से तो विश्व क्रिकेट में ऐसा कोई नहीं रहा है। उन्होंने लगातार ऐसा कर के दिखाया है। मुझे लगता है उनके पास धैर्य है और परिस्थितियों के मुताबिक खेलने की क्षमता है। मैं माही भाई और विराट (कोहली) से यह दोनों चीज सीखने की कोशिश करूंगा।’

वेस्टइंडीज दौरे की वजह से हुआ चयन

क्रुणाल भारत ए टीम के साथ वेस्टइंडीज के दौरे पर गए हैं जहां उन्होंने अपने ऑलराउंड खेल से प्रभावित किया। वेस्ट इंडीज ए के खिलाफ उन्होंने तीन एकदिवसीय मैचों में सात विकेट झटके जिसमें पारी में पांच विकेट भी शामिल है। उन्होंने बल्लेबाजी का हालांकि ज्यादा मौका नहीं मिला लेकिन सीरीज के चौथे मैच में उन्होंने 45 रन की पारी खेली।

भारतीय टीम के वेस्टइंडीज दौरे के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘वेस्टइंडीज दौरे के शुरू होने का मैं इंतजार कर रहा हूं क्योंकि आगे बहुत क्रिकेट है। मैं मौका मिलने पर गेंद और बल्ले दोनों से लगातार अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं।’ बाएं हाथ के ऑलराउंडर ने कहा कि भारतीय टीम के लिए चुने जाने पर भारत ए के लिए खेलने का उनका अनुभव काम आएगा। उन्होंने कहा, ‘भारत ए टीम के साथ दौरे पर जाने से काफी मदद मिलती है। पिछले दो-तीन वर्षों में मैं दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड तीनों जगह खेल चुका हूं और उसका फायदा भी मिलता है क्योंकि जब आप सीनियर टीम के साथ जाते हैं तो यह अनुभव काम आता है।’
विज्ञापन

आईपीएल की बदौलत मिली पहचान 

क्रुणाल क्रिकेट में अपनी पहचान का श्रेय इंडियन प्रीमियर लीग को देते है। मुंबई इंडियंस को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले इस खिलाड़ी ने कहा, ‘मेरे लिए सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व करना था क्योंकि वहां मैं अपनी क्षमता को दिखा पाया। जब आप आईपीएल में खेलते हैं तो अलग तरह का दबाव होता है लेकिन आप जब कप जीतते है तब काफी संतुष्टि मिलती है।’ क्रुणाल ने आईपीएल के पिछले सत्र में 16 मैचों में 12 विकेट लेने के साथ 122 की स्ट्राइक रेट से 183 रन बनाए थे। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें