क्रुणाल ने कहा कि भारत विजाग में सिर्फ पांच विशेषज्ञ गेंदबाजों के साथ उतरा था और ऐसे में टीम में कुछ कामचलाऊ गेंदबाजों का होना सही रहेगा। उन्होंने कहा, 'जो पांचों गेंदबाज खेले वे स्तरीय गेंदबाज थे। अपने दिन वे सभी मैच विजेता हैं। अगर आपके पास विकल्प है तो यह अच्छा है लेकिन हम जिस भी संयोजन के साथ उतरे हम उसके साथ खुश हैं। 'क्रुणाल ने रविवार के प्रदर्शन के लिए ऑस्ट्रेलिया की तारीफ भी की।
उन्होंने कहा, 'हतिहास गवाह है कि उनकी टीम प्रतिस्पर्धी है और हमें पता है कि मैदान पर कदम रखने पर वे हमेशा शत प्रतिशत प्रयास करते हैं। यहां का विकेट अच्छा है। निश्चित तौर पर यह विजाग से बेहतर होगा। इसलिए हमें अधिक रन बनने की उम्मीद है।'
क्रुणाल को पता है कि टीम की विश्व कप योजना में शायद उन्हें जगह नहीं मिले और ध्यान 50 ओवर की टीम को अंतिम रूप देने पर लगा होने के बावजूद क्रुणाल ने कहा कि दूसरा टी20 काफी महत्वपूर्ण है। इससे पहले भारतीय टीम ने कप्तान विराट कोहली की अगुआई में कड़ी ट्रेनिंग की। कप्तान कोहली नेट्स पर शिखर धवन के साथ सबसे पहले बल्लेबाजी करने उतरे और फिर थ्रोडाउन का भी सामना किया।
सीरीज के लिए मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव और भुवनेश्वर कुमार को आराम दिया गया है लेकिन ये तीनों राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में ट्रेनिंग कर रहे हैं और कुछ देर के लिए नेट्स पर टीम के अपने साथियों के पास जुड़े। शमी ने गेंदबाजी सत्र के दौरान काफी गेंदबाजी की। धवन को पहले मैच में आराम दिया गया था जबकि लोकेश राहुल और रोहित शर्मा ने पारी का आगाज किया था लेकिन अभ्यास सत्र से कोई संकेत नहीं मिला कि बुधवार को सलामी जोड़ीदार कौन होंगे।