पूर्व भारतीय कप्तान क्रिस श्रीकांत ने 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को एशिया कप के लिए भारतीय टीम में शामिल करने की मांग की है। उनका मानना है कि वैभव को टीम में शामिल करके चयनकर्ता अगले टी20 विश्व कप के लिए टीम तैयार कर सकते हैं। बता दें कि, एशिया कप का आगाज नौ सितंबर से यूएई में होगा। भारत को पाकिस्तान के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। दोनों टीमों के बीच 14 सितंबर को महामुकाबला खेला जाएगा। आगामी टूर्नामेंट के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) 19 अगस्त यानी मंगलवार को टीम की घोषणा कर सकता है।
कब होगी एशिया कप के लिए टीम की घोषणा?
एशिया कप के लिए अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति भारतीय टीम की मंगलवार को घोषणा हो सकती है। टीम चयन से पहले बल्लेबाजी क्रम को लेकर कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। शीर्ष क्रम पर अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने अपने आक्रामक अंदाज से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है। वहीं, यशस्वी जायसवाल भी दावेदारी में हैं। मौजूदा ऑरेंज कैप विजेता साई सुदर्शन का नाम भी चयन चर्चा में शामिल है।
श्रीकांत ने की वैभव को टीम में शामिल करने की मांग
इस बीच राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। उन्होंने सिर्फ सात मैचों में 252 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 200 से भी ज्यादा का रहा। गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने मात्र 35 गेंदों में शतक ठोककर आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक जमाया। ऐसे में टीम इंडिया के एशिया कप स्क्वॉड के लिए शीर्ष क्रम में जगह बनाने की जंग बेहद रोमांचक होती जा रही है। अपने इस फॉर्म को 14 वर्षीय बल्लेबाज ने इंग्लैंड दौरे पर जारी रखा। अंडर-19 टीम के खिलाफ खेलते हुए वैभव ने शानदार शतक जड़ा। श्रीकांत ने एक यूट्यूब शो में कहा, 'आपको निडर होकर खेलना होगा। उसे इंतजार मत करवाइए। 'उसे परिपक्व होने दीजिए' जैसी बातें मत कहिए। वह पहले से ही उल्लेखनीय परिपक्वता के साथ खेल रहा है। उसकी शॉट-मेकिंग एक अलग ही स्तर की है। अगर मैं चेयरमैन होता, तो मैं उसे जरूर 16 खिलाड़ियों में शामिल करता।'
श्रीकांत ने जताई इन खिलाड़ियों को शामिल करने की इच्छा
इस दौरान श्रीकांत ने संजू सैमसन के टीम में चयन पर संशय जताया। हालांकि, उन्होंने वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन और अभिषेक शर्मा को टीम में शामिल करने की वकालत की। उन्होंने कहा, 'मेरे अनुसार सैमसन पर संदेह है। मेरी पहली पसंद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा हैं, इसमें कोई शक नहीं। मेरे पास दो और सलामी बल्लेबाज होंगे। मैं वैभव सूर्यवंशी या साईं सुदर्शन में से किसी एक को चुनूंगा और शुभमन गिल भी एक विकल्प हो सकते हैं। अगर मैं चयनकर्ता होता तो वैभव को टी20 विश्व कप के लिए 15 खिलाड़ियों में रखता। उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। मुझे लगता है कि यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी और साईं सुदर्शन में से किसी एक को चुनना चाहिए। मैं इन तीनों में से दो को चुनूंगा। यही मेरी प्राथमिकता होगी।'