मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के 40वें जन्मदिन के लिए 40 किलो का एक अनोखा केक तैयार किया जा रहा है। बुधवार को सचिन इस केक को काटकर अपना जन्मदिन मनाएंगे।
क्रिकेट की दुनिया में एक अलग मुकाम हासिल कर चुके सचिन के लिए इस केक को शैफ बिकेश कुमार तैयार करेंगे।
केक तैयार करने के लिए बेहर उत्साहित नजर आ रहे बिकेश कुमार ने कहा, "सचिन के लिए मैं 40 किलो का चॉकलेट केक तैयार कर रहा हूं। उनके लिए जो केक बनाया जा रहा है, उसमें घाना और मेडागास्कर से मंगाई गई विशेष कोको का इस्तेमाल किया जायेगा। मैं सुबह पांच बजे से यह केक बनाना शुरू करूंगा और करीब छह घंटे में वह पूरी तरह तैयार हो जाएगा।"
उन्होंने कहा, "40 किलो का केक तैयार करना मेरे लिए कोई बड़ी बात नहीं है, मैं इससे पहले भी इससे अधिक वजन के केक बना चुका हूं लेकिन इस बार जो सबसे नायाब चीज है, वह यह है कि यह केक मैं क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी और देश के आइकन के लिए बना रहा हूं। ऐसा करके मुझे बेहद गर्व हो रहा है।"
सचिन के लिए बनाए जा रहा यह केक सचिन की तस्वीर के जैसा ही होगा। इसे अप्रैल 2011 में भारतीय टीम के विश्व कप जीतने के दौरान सचिन की तस्वीर के रूप में भी बनाया जा सकता है। इसके अलावा केक पर सचिन को 40 अलग अलग मुद्राओं में भी उकेरा जायेगा।
सचिन अपने 40वें जन्मदिन पर आईपीएल-6 के एक मैच के लिए कोलकाता में होंगे और अपना जन्मदिन वह टीम के खिलाड़ियों के साथ ही मनाएंगे। बुधवार को मुंबई इंडियंस मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ होगा।
मुंबई इंडियंस ने भी अपने खिलाड़ी का जन्मदिन मनाने की पूरी तैयारी कर ली है। टीम के मैनेजर ने बताया कि मैच से पहले सचिन टीम के साथ केक काटेंगे और वहां मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे।