शाकिब अल हसन आईपीएल 2021 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए धूम मचाने को तैयार हैं। इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सीजन में उन्होंने अपनी टीम के लिए किसी भी तरह की भूमिका निभाने की बात कही है। शाकिब आईसीसी द्वारा लगाए गए एक साल के प्रतिबंध को पूरा करने के बाद आईपीएल में वापसी कर रहे हैं। बांग्लादेश का ये स्टार क्रिकेटर इससे पहले भी केकेआर के लिए खेल चुका है। शाकिब अल हसन 2012 और 2014 में केकेआर का हिस्सा थे जब टीम ने खिताब जीता था।
शाकिब केकेआर के लिए दूसरी बार खेलने जा रहे हैं। इससे पहले साल 2019 में वह सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा था। इस साल वह अपनी टीम के लिए सिर्फ तीन मैच खेल पाए। इसके बाद आईसीसी ने उनके क्रिकेट खेलने पर प्रतिबंध लगा दिया। जिसके चलते शाकिब 2019 के बाकी सीजन सहित 2020 का आईपीएल भी नहीं खेल सके।
वह अपनी केकेआर के खिताब जिताने के लिए आतुर हैं। आईपीएल के दौराान शाकिब अपनी टीम के लिए हर तरह की भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि वह सुनील नरेन की तरह पारी की शुरूआत कर सकते हैं। इसके अलावा वह फिनिशर का भी रोल निभा सकते हैं। एक समाचार एजेंसी से बात करते हुए 34 वर्षीय शाकिब ने कहा, मैं ईमानदारी से कहूं तो ओपनिंग से लेकर सब कुछ अपनी टीम के लिए कर सकता हूं।
आईसीसी द्वारा शाकिब अल हसन पर लगाया गया बैन बीते साल अक्टूबर में खत्म हुआ था। इसके बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट में वापसी की और बंगबंधु टी-20 कप के दौरान शाकिब ने खुलना का प्रतिनिधित्व किया। आईपीएल पर बात करते हुए वह कहते हैं मेरे हौसले बुलंद हैं, मुझे अच्छी शुरूआत करने के लिए एक मैच की दरकार है। यदि मेरी शुरूआत अच्छी होती है तो मैं अपनी टीम के लिए अच्छा कर सकता हूं।
साल 2019 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए तीन मैच खेलने वाले शाकिब को केकेआर में नियमित खिलाड़ी के तौर पर शामिल नहीं किया गया है। उन्हें सुनील नरेन के बैकअप के रूप में टीम में जगह मिली है। शाकिब का कहना है कि एक विदेशी खिलाड़ी को टीम से बाहर बैठना काफी परेशान करता है। लेकिन मैं खुले दिमाग से चीजों को अप्लाई करूंगा।
उन्होंने कहा कि आईपीएल में प्रत्येक टीम के पास 8-10 विदेशी खिलाड़ी हैं। नियमों के मुताबिक सिर्फ चार ओवरसीज खिलाड़ी मैच खेल सकते हैं। आप चयन प्रक्रिया को दोषी नहीं कह सकते। आपको अपना दिमाग खुला रखना है, जमकर ट्रेनिंग करनी है और मौके को दोनों हाथ से लपकना है।