मौजूदा आईपीएल चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स आखिरकार चैंपियंस लीग में सम्मान की लड़ाई जीतने में कामयाब रहा। गंभीर एंड कंपनी ने रविवार को न्यू लैंड्स मैदान पर खेले गए ग्रुप वन के मुकाबले में टाइटंस 99 रन से हरा दिया। नाइटराइडर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 188 रन बनाए। जवाब में 16.4 ओवर में टाइटंस की टीम 89 रन पर सिमट गई। टाइटंस की ओर से जैक्स रूडोल्फ ने सर्वाधिक 25 रन बनाए। केकेआर की ओर से लक्ष्मीपति बालाजी ने 19 रन देकर 4 विकेट झटके।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की टाइटंस ने टॉस जीतकर कोलकाता नाइटराइर्ड्स को पहले बल्लेबाजी के आमंत्रित किया। मनविंदर सिंह बिसला और कप्तान गौतम गंभीर ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 32 रन जोड़े। 21 के निजी स्कोर पर बिस्ला इथि मबहासाली के शिकार बने।
गंभीर और ब्रैंडन मैककुलम (36) ने दूसरे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी कर टीम के रनरेट को आगे बढ़ाया। नाइटराइडर्स की तरफ से सबसे अधिक कप्तान गौतम गंभीर ने 44 रन बनाए। आखिरी में मनोज तिवारी और देवव्रत दास ने छठवें विकेट के लिए नाबाद 55 रन जोड़े।