कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच चेन्नई में आईपीएल 2026 का मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ी काली पट्टी बांधकर खेलने उतरे हैं। दरअसल, भारत के पूर्व क्रिकेटर सी डी गोपीनाथ की स्मृति में ये खिलाड़ी बांह पर काली पट्टी बांधकर खेलने उतरे हैं। गोपीनाथ का नौ अप्रैल को 96 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था।
गोपीनाथ ने 83 प्रथम श्रेणी मैच खेले थे। इंग्लैंड को हराकर 1952 में पहली बार टेस्ट जीतने वाली भारतीय टीम के आखिरी जीवित सदस्य गोपीनाथ देश के सबसे उम्रदराज टेस्ट क्रिकेटर थे। केकेआर प्रबंधन ने कहा, केकेआर टीम श्री गोपीनाथ के प्रति सम्मानस्वरूप चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में बांह पर काली पट्टी बांधकर खेलेगी।
सीएसके ने दिया 193 रनों का लक्ष्य
सीएसके ने केकेआर के सामने 193 रनों का लक्ष्य रखा है। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 192 रन बनाए। सीएसके के लिए संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा 48 रन बनाए, जबकि डेवाल्ड ब्रेविस ने 41 रनों की पारी खेली। आयुष म्हात्रे ने 17 गेंदों पर 38 रनों की तूफानी पारी खेली। एक समय सीएसके 200 के पार स्कोर बनाती नजर आ रही थी, लेकिन केकेआर के गेंदबाजों ने टीम को वापसी कराई। केकेआर के लिए कार्तिक त्यागी ने दो विकेट लिए, जबकि वैभव अरोड़ा, अनुकूल रॉय और सुनील नरेन को एक-एक विकेट मिला।