दिल्ली डेयरडेविल्स के हाथों मिली करारी हार के बाद आईपीएल-5 चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम सोमवार को जब यहां ऑकलैंड के खिलाफ चैंपियंस लीग टी-20 टूर्नामेंट के ग्रुप ‘ए’ मुकाबले में उतरेगी तो उसका लक्ष्य हार का गम भुलाकर जीत की राह पर लौटना होगा।
कोलकाता के पास मजबूत बल्लेबाजी क्रम है लेकिन दिल्ली के खिलाफ शनिवार को खेले गए मैच में उसके शीर्ष चार बल्लेबाज मनविंदर बिसला, कप्तान गौतम गंभीर और ब्रैंडन मैककुलम सुपर फ्लाप रहे जबकि जाक कालिस खाता खोले बिना रिटायर्ड हर्ट हो गए। गेंदबाजी में लक्ष्मीपति बालाजी ने खूब रन लुटाए जबकि ब्रेट ली और जाक कालिस भी बल्लेबाजों को कोई खास परेशान नहीं कर सके। हालांकि सुनील नारायन ने जरूर प्रभावी प्रदर्शन किया।
दूसरी ओर आकलैंड की टीम में लुई विंसेंट, मार्टिन गप्टिल और माइकल बेट्स जैसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं। इसके अलावा उसके पास अजहर महमूद जैसे आलराउंडर हैं जो मौजूदा समय में ट्वंटी-20 के सबसे खतरनाक खिलाड़ियों में से जाने जाते हैं। गेंदबाजी में उसके पास काइली मिल्स और क्रिस मार्टिन जैसे अनुभवी गेंदबाज हैं जिनसे पार पाना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होता।
प्रसारण : स्टार क्रिकेट पर, रात 9 बजे से