टीम इंडिया के बेजोड़ बल्लेबाज विराट कोहली जल्द ही एक अलग अंदाज में दिखाई देने वाले हैं। क्रिकेट प्रशंसकों को अपना दीवाना बनाने के बाद अब यह भारतीय स्टार बल्लेबाज बच्चों का मनोरंजन करने जा रहा है।
युवा बल्लेबाज विराट कोहली अब बच्चों के सुपरहीरो बनेंगे। खिलौने बनाने वाली एक कंपनी मैक्स स्टील कोहली को बतौर एक खिलौने के तौर पर लांच करने वाली है। मैक्स स्टील ग्लोबल टॉय ब्रांड मैटल की प्रॉपर्टी है।
सुपरहीरो के तौर पर कोहली को खिलौने के तौर पर पेश करके यह कंपनी भारतीय बाजार में प्रवेश करेगी। सुपर हीरो रेंज के इन खिलौनों की कीमत 599 रुपये से शुरू होगी।
कोहली से पहले भी भारतीय फिल्मी सितारों कैटरीना कैफ और रितिक रोशन के नाम से खिलौने बाजार में आ चुके हैं।
इस सुपरहीरो का नाम मैक्सवेल होगा जो 16 साल का स्कूल में पढ़ने वाला एक लड़का है। मैक्सवेल के साथ उसका एलियन दोस्त स्टील है जिसका दिमाग बहुत तेज चलता है।
मैटल टॉय के भारतीय प्रमुख करन गेरा ने कहा, 'हमने विराट को क्यों लिया। वह एक महान क्रिकेटर हैं। साथ ही उनमें मुश्किल क्षणों में टीम भावना के साथ आगे बढ़ने की योग्यता है।'
कोहली से पहले कैटरीना कैफ 2009 में पहली भारतीय बॉर्बी डॉल बनी थी। इसके बाद रितिक रोशन 2012 में खिलौने के रूप में बाजार आए थे।