विराट कोहली अपने करियर के सबसे बेहतरीन दौर से गुजर रहे हैं। 2017 उनके लिए कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों के लिए सुनहरा साबित हो रहा है। जिस मैच में भी विराट बल्ला चलता है वो कोई न कोई रिकॉर्ड अपने नाम कर लेते हैं।
विराट कोलकाता में दुर्भाग्यशाली रहे और 92 रन बनाकर कोल्टर डी नाइल की गेंद पर बोल्ड हो गए। अगर विराट आज शतक जड़ने में कामयाब हो जाते तो रिकी पॉन्टिंग को वनडे में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में पीछे छोड़ देते। हालांकि विराट ने अपनी अर्धशतकीय पारी से ही दो पूर्व भारतीय कप्तानों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
ईडन गार्डन्स में विराट ने जैसे ही करियर का 45वां अर्धशतक पूरा किया। साल 2017 में ये उनकी वनडे क्रिकेट में 11वीं 50 से ज्यादा रन की पारी थी। इसके साथ ही उन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में किसी कप्तान द्वारा बनाए सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर की बराबरी कर ली। इससे पहले मोहम्मद अजहरुद्दीन और एमएस धोनी ऐसा कर चुके हैं। अजहरुददीन ने 1998 में बतौर कप्तान 11 अर्धशतक जड़े थे। वहीं महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2009 में ये कारनामा किया था।
कोलकाता में विराट ने वनडे करियर का 45वां अर्धशतक जड़ा। इसके साथ ही उनके वनडे क्रिकेट में 50 से ज्यादा रन की 75 पारियां हो गई हैं। विराट ने 45 अर्धशतक के अलावा 30 शतक भी जड़े हैं।