भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल 23 जनवरी से पंजाब के खिलाफ शुरू होने वाले एलीट ग्रुप सी मैच के लिए कर्नाटक की रणजी टीम में शामिल नहीं किया गया है। कोहनी की चोट के कारण उन्होंने इस मैच में नहीं खेलने का फैसला लिया है। पीटीआई के अनुसार, अनुभवी बल्लेबाज 30 जनवरी को हरियाणा के खिलाफ खेले जाने वाले आखिरी लीग मैच में कर्नाटक की टीम का हिस्सा हो सकते हैं।
राहुल कोहनी में चोट की समस्या से जूझ रहे
केएल राहुल कोहनी की समस्या से जूझ रहे हैं। इसी की वजह से वह बेंगलुरु में पंजाब के खिलाफ कर्नाटक के अगले दौर के मैच में नहीं खेल पाएंगे। दाएं हाथ के विकेटकीपर-बल्लेबाज ने अपना आखिरी रणजी मैच 2020 मार्च में कर्नाटक के लिए बंगाल के खिलाफ खेला था। तब उन्होंने सेमीफाइनल मैच में 26 और 0 का स्कोर बनाया था। तब उनकी टीम हार गई थी।
बीसीसीआई ने घरेलू टूर्नामेंट में खेलना किया अनिवार्य
बीसीसीआई ने गुरुवार को टीम इंडिया के लिए नई नीतियां जारी कीं। इसकी वजह से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में चयन और केंद्रीय अनुबंध के लिए पात्र बने रहने के लिए घरेलू टूर्नामेंट में हिस्सा लेना अनिवार्य हो गया। केवल कुछ खास परिस्थितियों में ही खिलाड़ी को इससे छूट दी जाएगी। नई नीति में कहा गया है- राष्ट्रीय टीम और केंद्रीय अनुबंध में चयन के लिए घरेलू टूर्नामेंट्स में भागीदारी अनिवार्य है। इससे खिलाड़ी को घरेलू क्रिकेट से जुड़े रहने, प्रतिभाओं को खोजने में और मैच फिटनेस बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही बोर्ड घरेलू संरचना को मजबूत कर सकेगा।
मयंक अग्रवाल करेंगे टीम का नेतृत्व
केएल राहुल को छह फरवरी से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैचों की घरेलू सीरीज और 19 फरवरी से होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारत की वनडे टीम में शामिल किया गया है। सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल 16 सदस्यीय कर्नाटक टीम की अगुआई करेंगे जिसमें भारत के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा और शीर्ष क्रम के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल भी शामिल हैं। पडिक्कल ने हाल में विजय हजारे ट्रॉफी के तीन मैचों में एक अर्धशतक और एक शतक बनाया था।
कर्नाटक की टीम इस प्रकार है
मयंक अग्रवाल (कप्तान), श्रेयस गोपाल (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, केवी अनीश, आर स्मरण, केएल श्रीजीत (विकेटकीपर), अभिनव मनोहर, हार्दिक राज, प्रसिद्ध कृष्णा, वासुकी कौशिक, अभिलाष शेट्टी, यशोवर्धन परंतप, निकिन जोस, विद्याधर पाटिल, सुजय सथेरी (विकेटकीपर), मोहसिन खान।