बारिश की आवाजाही के बीच चौथे दिन का खेल समाप्त हो गया। भारत ने पहली पारी में नौ विकेट गंवाकर 252 रन बना लिए हैं। जसप्रीत बुमराह और आकाश दीप की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने फॉलोऑन बचा लिया। उनके अलावा केएल राहुल और रवींद्र जडेजा ने भी अच्छा प्रदर्शन किया और अर्धशतक लगाए। चौथे दिन का खेल खत्म होने के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने निचले क्रम के बल्लेबाजों की तारीफ की। उन्होंने बताया कि आज एक-एक रन बनाना जरूरी था।
'निचले क्रम के बल्लेबाजों को रन बनाते देखना अच्छा है'
32 वर्षीय बल्लेबाज ने कहा- आज एक-एक रन हमारे लिए महत्वपूर्ण था, ताकि हम फॉलोऑन से आगे निकल सकें। निचले क्रम के बल्लेबाजों को रन बनाते देखना अच्छा है। बुमराह और आकाश की छोटी साझेदारी और फॉलोऑन से बचना बहुत बड़ा अंतर पैदा करता है। आखिरी आधे घंटे में उन्होंने सिर्फ रन ही नहीं बनाए, बल्कि उन्होंने बाउंसर को दूर रखने के लिए जो जज्बा दिखाया, वह भी कमाल का था।
भारत 193 रन पीछे
आकाश 27 और बुमराह 10 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच 10वें विकेट के लिए अब तक 54 गेंद में 39 रन की साझेदारी हो चुकी है। यानी दोनों अब तक नौ ओवर बल्लेबाजी कर चुके हैं। इस दौरान इन दोनों ने मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और नाथन लियोन जैसे गेंदबाजों का डट कर सामना किया। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 445 रन बनाए थे। इस लिहाज से टीम इंडिया अभी भी 193 रन पीछे है। फॉलोऑन बचाने के लिए भारत को 246 रन बनाने थे।
जडेजा की तारीफ में पढ़े कसीदे
केएल राहुल ने आगे कहा, जडेजा अच्छी तरह से जानता हैं कि उसे क्या करना है और उसे कैसा प्रदर्शन करना है। अक्सर, सिर्फ जडेजा की गेंदबाजी के बारे में बात की जाती है। लेकिन मुझे लगता है कि वह बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन कर रहा है। उसके पास शानदार तकनीक है। मुझे उसके साथ बल्लेबाजी करना अच्छा लगता है। ऐसा लगता है कि उसका गेम प्लान आसान और सुलझा हुआ है। मैं खुश हूं कि वह टीम में कमाल का प्रदर्शन कर रहा है। वो न हाते तो टीम इस स्थिति में नहीं आ पाती। जडेजा ने 123 गेंदों का सामना किया और 77 रन बनाए। इस महत्वपू्र्ण पारी में सात चौके और एक छक्का शामिल है।