हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में यह बात सामने आई है कि राहुल मौजूदा समय में बेंगलुरु में नेशनल क्रिकेट एकेडमी में रिहैब से गुजर रहे हैं और कुछ हफ्तों में बैटिंग प्रैक्टिस शुरू करने के लिए तैयार हैं। रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि राहुल और बुमराह सितंबर में होने वाले एशिया कप टूर्नामेंट से वापसी कर सकते हैं। राहुल की वापसी की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत के पूर्व स्पिनर लक्ष्मण शिवरामकृष्णन का मानना है कि बल्लेबाज को पहले घरेलू टूर्नामेंट्स में खेलकर खुद को परखना चाहिए।
शिवरामकृष्णन ने एक ट्वीट का जवाब देते हुए कहा, 'अपनी मैच फिटनेस और बैटिंग फॉर्म का आकलन करने के लिए उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए। भारतीय टीम में वापस आना इतना आसान नहीं होना चाहिए। आप नेट्स में बल्लेबाजी करते हैं और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता खेलने के लिए तैयार हो जाते हैं।' क्रिकेटर से कमेंटेटर बने शिवरामकृष्णन ने टीम मैनेजमेंट से साई सुदर्शन जैसे किसी खिलाड़ी पर नजर रखने और मौका देने का भी आग्रह किया। साई सुदर्शन ने आईपीएल 2023 के दौरान शानदार प्रदर्शन किया था।
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, "बाएं हाथ के मध्यक्रम के बल्लेबाज साई सुदर्शन जैसे खिलाड़ियों पर नजर रखने की जरूरत है।" इससे पहले केएल राहुल ने लंदन में सर्जरी के बाद ट्वीट कर अपने रिहैब के बारे में फैंस को जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था- मेरी सर्जरी सफल रही। मैं अब ठीक होने की राह पर हूं। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और मैदान पर वापसी करने के लिए प्रतिबद्ध हूं। राहुल ने पंत के साथ चिन्नास्वामी स्टेडियम की एक तस्वीर भी शेयर की थी।