सलामी बल्लेबाज केएल राहुल इंग्लैंड लॉयंस के खिलाफ वायनाड में सात से 10 फरवरी तक होने वाले भारत ए के पहले अनधिकृत टेस्ट में खेलेंगे। महाराष्ट्र के अंकित बावने की अगुवाई वाली 14 सदस्यीय टीम में झारखंड के तेज गेंदबाज वरुण आरोन भी हैं, जो आखिरी बार 2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के लिये टेस्ट खेले थे।
आरोन ने सात रणजी मैचों में 25 विकेट लिए हैं। चयन समिति के सूत्रों के अनुसार तेज गेंदबाजों का पूल बढाने के लिए आरोन के प्रदर्शन को परखा जाएगा। उनके अलावा आवेश खान और शरदुल ठाकुर भी टीम में हैं ।
हरफनमौला जलज सक्सेना और सिद्धेश लाड भी टीम में है। सलामी बल्लेबाज प्रियांक पांचाल और अभिमन्यु ईश्वरन के अलावा मध्यक्रम में रिकी भुई और लेग स्पिनर मयंक मार्कण्डेय हैं। टीम में सौराष्ट्र या विदर्भ के शीर्ष खिलाड़ी नहीं हैं क्योंकि रणजी ट्राफी फाइनल सात फरवरी को ही खत्म होगा ।
टीम :
अंकित बावने (कप्तान), केएल राहुल, ए आर ईश्वरन, प्रियांक पांचाल, रिकी भुई, सिद्धेश लाड, के एस भरत, जलज सक्सेना, एस नदीम, मयंक मार्कण्डेय, नवदीप सैनी, शरदुल ठाकुर, आवेश खान, वरूण आरोन ।