भारत के ओपनर बल्लेबाज केएल राहुल लंबे समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। आईपीएल में लखनऊ सुपर जाएंट्स की कप्तानी वाले केएल राहुल चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। उन्होंने हाल ही में सर्जरी करवाई है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फरवरी-मार्च में टेस्ट सीरीज के दौरान राहुल को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया था। उन्होंने दो मैच में सिर्फ 37 रन बनाए थे। इसके बाद उन्हें तीसरे टेस्ट से बाहर कर दिया गया था।
राहुल ने टेस्ट के बाद हालांकि वनडे में अपने प्रदर्शन सुधार किया, लेकिन वह सोशल मीडिया पर आलोचकों के निशाने पर रहे। यहां तक कि आईपीएल में भी खराब स्ट्राइक रेट के कारण उनकी चर्चा होती रही। राहुल अभी चोट के कारण बाहर हैं। उन्होंने एक पॉडकास्ट में सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के बारे में जवाब दिया। इस दौरान राहुल ने कहा कि कोई भी खिलाड़ी खराब प्रदर्शन नहीं करना चाहता है।
'क्रिकेट के अलावा और कुछ नहीं जानता'
राहुल ने सोशल मीडिया पर ट्रोल होने को लेकर कहा, ''यह कुछ ऐसा है जो कभी-कभी मुझे प्रभावित करता है। यहां तक कि अन्य खिलाड़ियों पर भी असर डालता है। जब हम एथलीटों को वास्तव में समर्थन की आवश्यकता होती है, तो लोगों को लगता है कि वे टिप्पणी करने या कहने की शक्ति रखते हैं। वह अपनी बात कहते हैं। हममें से कोई भी बुरा प्रदर्शन नहीं करना चाहता। यह हमारा जीवन है। यह सब हम करते हैं। जैसा मैंने कह कि मैं क्रिकेट के अलावा और कुछ नहीं जानता। मैं केवल इतना ही करता हूं।''
परिणाम मेरे पक्ष में नहीं आया: राहुल
राहुल ने कहा, ''कोई यह क्यों मानेगा कि मैं अपने खेल को लेकर गंभीर नहीं हूं या मैं पर्याप्त मेहनत नहीं कर रहा हूं? और दुर्भाग्य से खेलों में कोई संबंध नहीं है। जैसा मैंने कहा कि आप कड़ी मेहनत कर सकते हैं, जैसे मैं कड़ी मेहनत करता हूं लेकिन परिणाम मेरे पक्ष में नहीं आया।''
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में नहीं खेलेंगे राहुल
राहुल की दाहिनी जांघ में लगी चोट का सफल ऑपरेशन हुआ है और वह जल्द से जल्द राष्ट्रीय टीम में वापसी करना चाहते हैं। लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान राहुल को इसी महीने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ आईपीएल मैच में फील्डिंग करते हुए चोट लगी थी। 31 वर्षीय राहुल फील्डिंग करते हुए लड़खड़ा कर जमीन पर गिर पड़े थे। इसके बाद वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल से भी बाहर हो गए थे।