श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट से पूर्व भारतीय टीम की चिंता बढ़ गई है। ओपनर लोकेश राहुल को बुखार है और वो टीम के साथ गॉल जाने के बजाय कोलंबो में ही रुक गए हैं।
राहुल बुखार की वजह से कोलंबो में रुके हैं, लेकिन टीम के लिए राहत भरी खबर ये है कि सभी टेस्ट नेगेटिव आए हैं। हालांकि, कर्णाटक के बल्लेबाज का सोमवार की सुबह गॉल जाना संभव है, लेकिन पहले टेस्ट में उनके हिस्सा लेने पर सस्पेंस बरकरार है।
अगर राहुल समय पर फिट हो गए तो पहले टेस्ट में खेलेंगे। चोट से वापसी करने वाले राहुल इस दौरे पर फॉर्म में नजर आए थे और उन्होंने बोर्ड प्रेसीडेंट इलेवन के खिलाफ शानदार फिफ्टी लगाई थी। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि वे कितनी जल्दी फिटनेस हासिल करते हैं। यदि वे फिट नहीं हुए तो शिखर धवन के साथ अभिनव मुकुंद को पारी की शुरुआत करते देखा जा सकता है।