भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने आईपीएल 2024 के दौरान लखनऊ सुपरजाएंट्स के मालिका संजीव गोयनका के साथ हुए विवाद पर चुप्पी तोड़ी है। राहुल ने स्वीकार किया कि इस तरह मैदान पर बहस होना अच्छी चीज नहीं है और इससे पूरे ग्रुप पर असर पड़ा। इस घटना के बाद से ही इस बात के संकेत मिलने लगे थे कि लखनऊ राहुल को अगले सीजन के लिए रिटेन नहीं करेगा।
क्या था मामला?
दरअसल, आईपीएल 2024 के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद ने ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी के दम पर लखनऊ को 10 विकेट से हराया था। मैच के बाद लखनऊ के मालिक संजीव गोयनका ने कप्तान केएल राहुल को जमकर लताड़ लगाई थी। उन्होंने टीम के प्रदर्शन पर नाराजगी व्यक्त की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
राहुल ने इस मामले पर एक स्पोर्ट्स चैनल से कहा, 'मैच के बाद मैदान पर जो कुछ भी हुआ वो अच्छी चीज नहीं थी। कोई भी ऐसी चीज मैदान के अंदर या बाहर नहीं देखना चाहेगा। मुझे लगता है कि इसने पूरे ग्रुप को प्रभावित किया था।' केएल राहुल का लखनऊ के साथ तीन साल का करार हाल ही में समाप्त हुआ है। लखनऊ ने आईपीएल 2025 के लिए निकोलस पूरन (21 करोड़ रुपये), रवि बिश्नोई (11 करोड़ रुपये), मयंक यादव (11 करोड़ रुपये), आयुष बदोनी (चार करोड़ रुपये) और मोहसिन खान (चार करोड़ रुपये) को रिटेन किया था।
राहुल ने टीम का साथ छोड़ने पर दिया था बयान
राहुल ने हाल ही में इस बारे में भी बात की थी कि उन्होंने लखनऊ का साथ क्यों छोड़ा। केएल राहुल ने बताया था कि उन्होंने लखनऊ छोड़ने का फैसला इसलिए लिया क्योंकि वह अपने खेल में स्वतंत्रता चाहते थे। राहुल ने कहा था, मैं फ्रेश शुरुआत करना चाहता हूं। मैं अपने विकल्प खोजना चाहता था जहां मैं स्वतंत्र होकर अपना गेम खेल सकूं, जहां टीम का वातावरण थोड़ा हल्का हो। कई बार आप आगे बढ़ना चाहते हैं और अपने लिए अच्छा सोचते हैं।
राहुल की कप्तानी में खराब रहा था लखनऊ का प्रदर्शन
आईपीएल 2024 में राहुल की कप्तानी में लखनऊ का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था और टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर थी। लखनऊ ने 14 मैचों में 14 अंक हासिल किए थे। हालांकि, चार टीमें ऐसी थी जिनके एक समान अंक थे, लेकिन लखनऊ का नेट रनरेट इनमें सबसे ज्यादा खराब था और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बनी थी।