भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच से पहले टीम में चोट की खबरों को खारिज किया। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि कप्तान रोहित शर्मा हैम्स्ट्रिंग चोट से जूझ रहे हैं और ग्रुप चरण के अंतिम मैच से उन्हें आराम दिया जा सकता है। हालांकि, राहुल ने शुक्रवार को टीम में किसी खिलाड़ी के चोटिल होने की बात को नकार दिया।
पाकिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान कप्तान रोहित शर्मा और तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी फिटनेस कारणों की वजह से मैदान से बाहर चले गए थे। राहुल ने इन दोनों खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर अपडेट दिया और कहा कि दोनों खिलाड़ी ठीक हैं और टीम में फिटनेस को लेकर किसी तरह की चिंता नहीं है। उन्होंने बताया कि सभी लोग जिम में हैं और ट्रेनिंग भी कर रहे हैं।
दुबई की परिस्थितियों पर क्या बोले राहुल?
केएल राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, फिटनेस को लेकर किसी तरह की परेशानी नहीं है। जहां तक मैं जानता हूं किसी के भी मैच नहीं खेलने की संभावना नहीं है। हमारे सामने चुनौतियां आएंगी और हमें इसके लिए मानसिक रूप से तैयार रहना होगा। हम यहां पर एक सप्ताह पहले ही आ गए थे और हम अभ्यास कर रहे थे जिससे हम इन परिस्थितियों में ढलने का मौका मिला। टीम में यही बात होती है कि जो भी बल्लेबाज सेट हो चुका है, वो लंबे समय तक बल्लेबाजी करे तो बेहतर रहेगा। अगर हमारे पास विकेट ज्यादा बचे रहेंगे तो हम 35-40 रन अतिरिक्त बना सकते हैं।
राहुल बोले- किसी को हल्के में नहीं ले सकते
राहुल ने कहा, हम किसी को भी हल्के में नहीं ले रहे हैं। यह मेरी पहली चैंपियंस ट्रॉफी है और मेरे लिए यह सपने की तरह है। यह विश्व कप की तरह है जहां हमें हर टीम के खिलाफ खेलना होता है। अगर आप अच्छी शुरुआत नहीं करते हैं तो आपके लिए टूर्नामेंट में वापसी करना मुश्किल हो जाता है। न्यूजीलैंड की टीम हमेशा ही काफी प्रतिस्पर्धी रही है। आईसीसी टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन अच्छा होता है। यह बहुत ही प्रतिस्पर्धी मुकाबला होने वाला है।