रणजी ट्रॉफी के नॉकआउट मुकाबले में केएल राहुल का बल्ला जमकर गरजा। उन्होंने 2025-26 सीजन के सेमीफाइनल में उत्तराखंड के खिलाफ शानदार शतक जड़कर अपनी बेहतरीन फॉर्म जारी रखी। यह मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम पर खेला जा रहा है।
पहले दिन राहुल का दमदार प्रदर्शन
राहुल ने कप्तान मयंक अग्रवाल के साथ पारी की शुरुआत संभलकर की। हालांकि नौवें ओवर में आदित्य रावत ने मयंक (5 रन) को आउट कर कर्नाटक को झटका दिया। इसके बाद राहुल ने मोर्चा संभाला और देवदत्त पडिक्कल के साथ दोहरी शतकीय साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। पहले सत्र में संयम से खेलने के बाद दूसरे सत्र में राहुल ने आक्रामक रुख अपनाया और 153 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह इस सीजन के नॉकआउट मुकाबलों में उनका लगातार दूसरा शतक है।
फर्स्ट क्लास करियर में 25वां शतक
यह राहुल के फर्स्ट क्लास करियर का 25वां शतक है। इससे पहले क्वार्टरफाइनल में मुंबई के खिलाफ उन्होंने 130 रन की पारी खेली थी। 119वें फर्स्ट क्लास मैच में राहुल ने 8,880 से ज्यादा रन बना लिए हैं। उनका औसत 44 से अधिक है, जिसमें 41 अर्धशतक और 25 शतक शामिल हैं।
दामाद के शतक पर ससुर के रिएक्शन ने लूटी महफिल
राहुल की इस पारी के बाद सोशल मीडिया पर जश्न का माहौल है। उनके ससुर और बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी भी दामाद के शतक पर खुशी से झूमते नजर आए, जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। राहुल ने टेस्ट क्रिकेट में 67 मैचों में 4,053 रन बनाए हैं, जिसमें 11 शतक और 20 अर्धशतक शामिल हैं। इनमें से 10 शतक बतौर ओपनर आए हैं। भारत के लिए टेस्ट में ओपनर के रूप में उनसे ज्यादा शतक सिर्फ सुनील गावस्कर (33), वीरेंद्र सहवाग (22) और मुरली विजय (12) ने लगाए हैं।