राहुल के लगातार कम स्कोर के बारे में पूछने पर कोच ने संकेत दिए कि उन्हें लंबी रेस के घोड़े के तौर पर देखा जा रहा है। अरुण ने कहा, ‘तकनीकी कमजोरी जैसा कि आप लोग समझते हैं, मुझे इसके बारे में नहीं पता लेकिन रवि शास्त्री और संजय बांगड़ ने उससे बात की है।’
उन्होंने कहा, ‘एक कोच के रूप में मुझे लगता है कि राहुल असाधारण खिलाड़ी है जिसमें असाधारण प्रतिभा है जिसके साथ बरकरार रहना चाहिए। (राहुल के रूप में) हमारे पास भविष्य के लिए बेहतरीन बल्लेबाज है।’
अरुण ने कहा कि टीम प्रयोग करने के बारे में नहीं सोच रही। उन्होंने कहा, ‘यह प्रयोग करने का सवाल नहीं है लेकिन हम जिस स्थिति में हैं उसे हमें मजबूत करना चाहिए। हम मैदान पर सर्वश्रेष्ठ टीम उतारना पसंद करेंगे और मेरा मानना है कि 16 खिलाड़ियों में से कोई भी खेल सकता है।’
अरुण ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में पदार्पण करते हुए शतक जड़ने वाले पृथ्वी शॉ की तारीफ की और कहा कि सर्वश्रेष्ठ चीज ये है कि टीम प्रत्येक मैच में नई प्रतिभा के साथ उतर रही है।
भारतीय गेंदबाजी कोच ने कहा, ‘हम जो भी टेस्ट मैच खेल रहे हैं उसमें हम नए खिलाड़ियों के साथ उतर पा रहे हैं। जैसा कि पिछले मैच में पृथ्वी शॉ। रन से अधिक उसका पहला टेस्ट मैच खेलते हुए जिस तरह का जज्बा और धैर्य दिखाया वह शानदार रहा।’
स्थानीय खिलाड़ी मोहम्मद सिराज के पदार्पण को लेकर चर्चा चल रही है लेकिन अरुण ने कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई। अरुण ने हालांकि सिराज को तेजी से सीखने वाला खिलाड़ी करार दिया जिसे उन्होंने तब से निखारा जब वह है हैदराबाद की रणजी टीम के कोच थे।
इस बीच कप्तान विराट कोहली ने अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लिया क्योंकि यह वैकल्पिक था।