फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

KKR vs RCB Highights: विराट और सॉल्ट की साझेदारी से आरसीबी ने जीता पहला मैच, केकेआर को सात विकेट से हराया

Sat, 22 Mar 2025 10:55 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

खास बातें

आईपीएल के 18वें सत्र का पहला मुकाबला गत विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच ईडेन गार्डंस पर खेला गया। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 174 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 16.2 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 177 रन बनाए और सात विकेट से मैच अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
विराट कोहली - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:48 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: आरसीबी की सात विकेट से जीत

विराट कोहली और फिल सॉल्ट की 95 रनों की दमदार साझेदारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को उनके घर में हराकर धमाकेदार शुरुआत की है। आईपीएल के 18वें सत्र का पहला मुकाबला शनिवार को ईडेन गार्डंस पर खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गत विजेता टीम ने अजिंक्य रहाणे और सुनील नरेन की शतकीय साझेदारी के दम पर 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 174 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 16.2 ओवर में तीन विकेट खोकर 177 रन बनाए और सात विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

फिल सॉल्ट और विराट कोहली ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी हुई। इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज ने महज 25 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का सातवां अर्धशतक पूरा किया और 56 रनों की दमदार पारी खेलकर पवेलियन लौटे। उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने अपना शिकार बनाया।

इससे पहले सॉल्ट और कोहली ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 80 रन बनाए। यह आरसीबी का आईपीएल इतिहास में पावरप्ले में दूसरा सर्वोच्च स्कोर है। आरसीबी ने पावरप्ले में सबसे ज्यादा स्कोर पिछले साल गुजरात टाइटंस के खिलाफ बनाया था। उस वक्त टीम ने पहले छह ओवर में एक विकेट पर 92 रन बनाए थे। वहीं, आरसीबी ने केकेआर के खिलाफ पावरप्ले में 14 बाउंड्री लगाई। यह तीसरी बार है जब आरसीबी ने पावरप्ले के दौरान इतनी बाउंड्री लगाई है। 

सॉल्ट के बाद बतौर इम्पैक्ट खिलाड़ी बल्लेबाजी के लिए आए देवदत्त पडिक्कल सिर्फ 10 रन बना सके। वहीं, कप्तान रजत पाटीदार 16 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए और टीम को जीत के करीब पहुंचाया। इस मुकाबले में किंग कोहली ने 30 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का 56वां पचासा पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आए और टीम को जीत दिलाने में सफल रहे। कोहली इसके साथ ही टी20 में सर्वाधिक रन बनाने वाले पांचवें बल्लेबाज बने और उन्होंने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ा। कोहली अपने 400वें टी20 में 59 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि लियाम लिविंगस्टोन ने 15* रन बनाए। वहीं, केकेआर के लिए वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन ने एक-एक विकेट हासिल किया।

कोलकाता की शुरुआत झटके के साथ हुई। जोश हेजलवुड ने पहले ही ओवर में क्विटंन डिकॉक को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ चार रन बना सके। इसके बाद मोर्चा सुनील नरेन और अजिंक्य रहाणे ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 55 गेंदों में 103 रनों की तूफानी साझेदारी हुई। कप्तान रहाणे ने महज 25 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का 31वां अर्धशतक जड़ा। वह 31 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए जबकि नरेन वेस्टइंडीज के स्टार क्रिकेटर नरेन ने पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 44 रन बनाए।
 
इसके बाद केकेआर की पारी लड़खड़ाई और उन्होंने गुच्छों में विकेट गंवाए। अंगकृष रघुवंशी ने 30, वेंकटेश अय्यर ने छह, आंद्रे रसेल ने चार, हर्षित राणा ने पांच रन बनाए। वहीं, रमनदीप सिंह छह और स्पेंसर जॉनसन एक रन बनाकर नाबाद रहे। आरसीबी के लिए क्रुणाल पांड्या ने तीन जबकि जोश हेजलवुड ने दो विकेट चटकाए। इसके अलावा यश दयाल, रसिख सलाम और सुयश शर्मा को एक-एक सफलता मिली।

10:27 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: विराट कोहली ने जड़ा पचासा

विराट कोहली ने 30 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का 56वां पचासा पूरा कर लिया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उनका साथ देने के लिए रजत पाटीदार क्रीज पर मौजूद हैं। 13 ओवर के बाद स्कोर 127/2 है।

10:24 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: पडिक्कल 10 रन बनाकर आउट

आरसीबी को दूसरा झटका सुनील नरेन ने दिया। उन्होंने देवदत्त पडिक्कल को अपना शिकार बनाया। वह 10 रन बनाकर आउट हुए। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रजत पाटीदार उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए विराट कोहली क्रीज पर मौजूद हैं।

विज्ञापन
10:09 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: आरसीबी का पहला विकेट गिरा

आरसीबी को पहला झटका वरुण चक्रवर्ती ने नौवें ओवर में दिया। उन्होंने फिल सॉल्ट को अपना शिकार बनाया। वह 56 रनों की शानदार पारी खेलकर पवेलियन लौटे। सॉल्ट ने विराट कोहली के साथ टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी निभाई। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए इम्पैक्ट खिलाड़ी के तौर पर देवदत्त पडिक्कल उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए किंग कोहली क्रीज पर मौजूद हैं।

10:04 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: फिल सॉल्ट ने जड़ा पचासा

फिल सॉल्ट ने महज 25 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का सातवां अर्धशतक पूरा किया है। उनका साथ देने के लिए विराट कोहली क्रीज पर मौजूद हैं। सात ओवर के बाद स्कोर 86/0 है।

विज्ञापन
09:59 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: पावरप्ले में आरसीबी ने बनाए 80 रन

विराट कोहली और फिल सॉल्ट का शानदार प्रदर्शन जारी है। दोनों के बीच 80 रनों की साझेदारी हो चुकी है। पावरप्ले समाप्त हो चुका है। केकेआर को पहले विकेट की तलाश है।

09:43 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: तीन ओवर के बाद स्कोर 37/0

आरसीबी की अच्छी शुरुआत हुई है। फिल सॉल्ट और विराट कोहली के बीच 37 रनों की साझेदारी हो चुकी है। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।

09:28 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: आरसीबी की पारी शुरू

आरसीबी की पारी शुरू हो चुकी है। विराट कोहली और फिल सॉल्ट क्रीज पर मौजूद हैं।

09:19 PM, 22-Mar-2025

केकेआर ने आरसीबी के सामने रखा 175 रन का लक्ष्य

अजिंक्य रहाणे और सुनील नरेन की शतकीय साझेदारी की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के सामने 175 रन का लक्ष्य रखा है। ईडेन गार्डंस पर खेले जा रहे इस मुकाबले में आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। कोलकाता की शुरुआत झटके के साथ हुई। जोश हेजलवुड ने पहले ही ओवर में क्विटंन डिकॉक को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ चार रन बना सके।

इसके बाद मोर्चा सुनील नरेन और अजिंक्य रहाणे ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 55 गेंदों में 103 रनों की तूफानी साझेदारी हुई। कप्तान रहाणे ने महज 25 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का 31वां अर्धशतक जड़ा। वह 31 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए जबकि नरेन वेस्टइंडीज के स्टार क्रिकेटर नरेन ने पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 44 रन बनाए। इसके बाद केकेआर की पारी लड़खड़ाई और उन्होंने गुच्छों में विकेट गंवाए। अंगकृष रघुवंशी ने 30, वेंकटेश अय्यर ने छह, आंद्रे रसेल ने चार, हर्षित राणा ने पांच रन बनाए। वहीं, रमनदीप सिंह छह और स्पेंसर जॉनसन एक रन बनाकर नाबाद रहे। इस तरह केकेआर ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 174 रन बनाए। आरसीबी के लिए क्रुणाल पांड्या ने तीन जबकि जोश हेजलवुड ने दो विकेट चटकाए। इसके अलावा यश दयाल, रसिख सलाम और सुयश शर्मा को एक-एक सफलता मिली।

08:51 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Match: केकेआर को लगा छठा झटका

केकेआर को छठा झटका सुयश शर्मा ने दिया। उन्होंने आंद्रे रसेल को बोल्ड किया। वह चार रन बनाकर पवेलियन लौटे। 15.4 ओवर के बाद स्कोर 150/6 है।

08:47 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Match: रिंकू सिंह आउट हुए

केकेआर को पांचवां झटका रिंकू सिंह के रूप में लगा। उन्हें क्रुणाल पांड्या ने बोल्ड किया। वह 10 गेंदों में 12 रन बना सके। सातवें नंबर बल्लेबाजी के लिए आंद्रे रसेल उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए अंगकृष रघुवंशी मौजूद हैं।

08:28 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Match: केकेआर ने तीसरा विकेट गंवाया

कोलकाता ने तीसरा विकेट अजिंक्य रहाणे के रूप में गंवाया। वह 31 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल क्रीज पर वेंकटेश अय्यर और अंगकृष रघुवंशी मौजूद हैं। 11 ओवर के बाद स्कोर 110/3 है।

08:24 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Match: केकेआर को लगा दूसरा झटका

कोलकाता को दूसरा झटका रसिख सलाम ने दिया। उन्होंने सुनील नरेन को अपना शिकार बनाया। वह 26 गेंदों में 44 रन बनाकर आउट हुए। वेस्टइंडीज के इस बल्लेबाज ने अजिंक्य रहाणे के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 गेंदों में 103 रनों की साझेदारी निभाई।

08:15 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Match: रहाणे ने जड़ा पचासा

आईपीएल 2025 के पहले ही मैच में अजिंक्य रहाणे ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने महज 25 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का 31वां पचासा जड़ा। 

08:00 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: रहाणे और नरेन ने संभाला मोर्चा

अजिंक्य रहाणे (39) और सुनील नरेन (17) आरसीबी के लिए टेढ़ी खीर बन गए हैं। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। शुरुआती छह ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 60/1 है।

07:47 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: रहाणे के बल्ले से निकला पहला छक्का

अजिंक्य रहाणे के बल्ले से सत्र का पहला छक्का निकला है। उन्होंने चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का जड़ा। इससे पहले रसिख सलाम के खिलाफ उन्होंने चौका लगाया था। इस ओवर में रहाणे ने दो छक्के लगाए और 16 रन लूटे।

07:45 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: तीन ओवर के बाद स्कोर 9/1

पहले ओवर में चार के स्कोर पर पहला विकेट गंवा चुकी केकेआर को एक अच्छी साझेदारी की जरूरत है। सुनील नरेन और अजिंक्य रहाणे क्रीज पर मौजूद हैं। तीन ओवर के बाद स्कोर 9/1 है।

07:35 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: केकेआर को लगा पहला झटका

केकेआर को पहला झटका क्विंटन डिकॉक के रूप में लगा। उन्हें जोश हेजलवुड ने विकेटकीपर जितेश शर्मा के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ चार रन बना सके। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए सुनील नरेन क्रीज पर मौजूद हैं।

07:31 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: कोलकाता का पारी शुरू

कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी शुरू हो चुकी है। सलामी बल्लेबाजी के लिए सुनील नरेन और क्विंटन डिकॉक उतरे हैं। आरसीबी के लिए पहला ओवर जोश हेजलवुड फेंक रहे हैं।

07:19 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

कोलकाता नाइट राइडर्स: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, सुनील नरेन, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, स्पेंसर जॉनसन, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: एनरिच नॉर्त्जे, मनीष पांडे, वैभव अरोड़ा, अनुकूल रॉय, लवनीथ सिसोदिया।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, रसिख दार सलाम, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड, यश दयाल।
इम्पैक्ट प्लेयर्स:  देवदत्त पडिक्कल, अभिनंदन सिंह, मनोज भंडगे, रोमारियो शेफर्ड, स्वप्निल सिंह।

07:16 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: आरसीबी ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

आईपीएल 2025 का पहला मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच खेला जा रहा है। आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान रजत पाटीदार ने बताया कि इस मैच के लिए उनकी प्लेइंग 11 में चार तेज गेंदबाज और दो स्पिनर्स को शामिल किया गया है। वहीं, केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने बताया कि वह तीन तेज गेंदबाज और दो स्पिन गेंदबाजों के साथ खेलते नजर आएंगे।

07:13 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: स्पेंसर जॉनसन का डेब्यू

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए इस सत्र में डेब्यू कर रहे हैं। सुनील नरेन ने उन्हें डेब्यू कैप पहनाई है। ऑस्ट्रेलिया के युवा गेंदबाज ने आठ अंतरराष्ट्रीय मैचों में 14 विकेट हासिल किए हैं। अब वह आईपीएल में अपना दम दिखाने के लिए तैयार हैं।

06:06 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: आरसीबी और केकेआर की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है...

आरसीबीः  विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, यश दयाल।

केकेआरः क्विंटन डिकॉक, सुनील नरेन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, हर्षित राणा, स्पेंसर जॉनसन, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती। 

06:06 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: नई टीम के साथ संयोजन भी होगा अलग

आरसीबी और केकेआर में इस बार कई नए खिलाड़ी शामिल हैं जिससे पिछली बार की तुलना में संयोजन भी अलग होगा। दोनों ही टीमों की ओपनिंग जोड़ी नई होगी। आरसीबी में पारी की शुरुआत करने कोहली के साथ सॉल्ट आ सकते हैं जो टीम को तेज शुरुआत दिलाने का माद्दा रखते हैं। वहीं, मध्यक्रम में आरसीबी के पास देवदत्त पडिक्कल, लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा, टिम डेविड और क्रुणाल पांड्या जैसे खिलाड़ी हैं। वहीं, केकेआर के लिए मध्यक्रम में रहाणे, वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह और आंद्रे रसेल हैं।

06:05 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: रहाणे-पाटीदार होंगे आमने-सामने

कोलकाता की टीम अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में उतरेगी क्योंकि टीम को अपनी कप्तानी में खिताब दिलाने वाले श्रेयस अय्यर अब पंजाब किंग्स का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं, आरसीबी की अगुआई रजत पाटीदार करेंगे। रहाणे छह साल बाद आईपीएल में किसी टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे और उनके पास खिताब बचाव रखने की कठिन चुनौती होगी। आरसीबी में हमेशा की तरह इस बार भी स्टार खिलाड़ी भरे हुए हैं, लेकिन देखना दिलचस्प होगा कि टीम का रवैया कैसा रहता है। 

06:04 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: नरेन-डिकॉक करेंगे ओपनिंग?

पिछले सीजन केकेआर के लिए सॉल्ट के साथ सुनील नरेन पारी का आगाज करने उतरते थे, लेकिन अब केकेआर के पास क्विंटन डिकॉक उपलब्ध हैं जो नरेन के साथ ओपनिंग के लिए आ सकते हैं। नरेन को ओपनिंग में उतारने का फैसला पूर्व मेंटर गौतम गंभीर का था जो अब टीम के साथ नहीं है क्योंकि वह भारतीय टीम के मुख्य कोच बन चुके हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या नरेन ही ओपनिंग करने आएंगे या नए मेंटर ड्वेन ब्रावो कोई नई रणनीति बनाएंगे। नरेन ओपनर के तौर पर सफल रहे हैं, ऐसे में इस बात की संभावना कम है कि उन्हें निचले या मध्यक्रम में भेजा जाए। 

06:01 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: वरुण चक्रवर्ती पर रहेंगी निगाहें

कोलकाता और आरसीबी दोनों ही जीत के साथ शुरुआत करने के लिए तैयार हैं। इस मैच में सभी की निगाह स्पिनर वरुण चक्रवर्ती पर टिकी रहेंगी जिसमें उनका सामना आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और फिल सॉल्ट जैसे धुरंधर बल्लेबाजों से होगा। चक्रवर्ती ने हाल ही में चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सॉल्ट पिछले सीजन तक केकेआर का हिस्सा थे, लेकिन इस बार वह बेंगलुरु फ्रेंचाइजी के लिए खेलेंगे। 

06:01 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Live Score: नए कप्तानों के साथ उतरेंगी दोनों टीमें

दोनों ही टीमें इस बार नए कप्तान की अगुआई में खेलने उतरेंगी। कोलकाता इस बार अपने खिताब का बचाव करने के इरादे से उतरेगी, जबकि आरसीबी की नजरें अपना पहला खिताब हासिल करने पर टिकी होंगी। 

05:51 PM, 22-Mar-2025

KKR vs RCB Highights: विराट और सॉल्ट की साझेदारी से आरसीबी ने जीता पहला मैच, केकेआर को सात विकेट से हराया

IPL Live Cricket Score, KKR vs RCB Indian Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल के 18वें सत्र का आगाज होने जा रहा है। पहला मुकाबला गत विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच खेला जाएगा। इस मैच में दोनों टीमें जीत के साथ अपने अभियान का आगाज करने उतरेंगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें