फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

KKR vs GT: शंकर की तूफानी पारी से जीता गुजरात, अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचा, गुरबाज का अर्धशतक बेकार

Sat, 29 Apr 2023 09:02 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

सार

कोलकाता के खिलाफ सात विकेट की जीत के साथ ही गुजरात की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। गुजरात के पास आठ मैच के बाद 12 अंक हैं। 
 
विज्ञापन
कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम गुजरात टाइटंस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ऑलराउंउर विजय शंकर के अंतिम ओवरों में तेजी से बनाए नाबाद अर्धशतक की मदद से मौजूदा विजेता गुजरात टाइटंस ने शनिवार को यहां आईपीएल के मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स को सात विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ गुजरात अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया और प्लेऑफ में जगह बनाने के करीब आ गया है। गुजरात ने कोलकाता से अपनी पिछली बार का भी बदला ले लिया। कोलकाता ने गुजरात को उसके घर में हराया था जहां रिंकू सिंह ने यश दयाल के ओवर में पांच छक्के लगाए थे। 
विज्ञापन






सलामी बल्लेबाज रहमनुल्लाह गुरबाज की अर्धशतकीय पारी की मदद से कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) ने सात विकेट पर 179 रन बनाए। गुरबाज ने 39 गेंदों पर पांच चौकों और सात छक्कों की मदद से 81 रन की तेजतर्रार पारी खेली। उनके अलावा आंद्रे रसेल ने आखिरी ओवरों में 19 गेंदों पर 34 रन बनाए जिसमें दो चौके और तीन छक्के लगाए। गुजरात की तरफ से मोहम्मद शमी (3/33) सबसे सफल गेंदबाज रहे। लेकिन 25 रन देकर दो विकेट लेने वाले जोश लिटिल को मैन ऑफ द मैच दिया गया।

आउटफील्ड गीली होने के कारण मैच 45 मिनट की देरी से शुरू हुआ
जवाब में गुजरात को इस लक्ष्य को हासिल करने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई और टीम ने 13 गेंद शेष रहते 17.5 ओवर में तीन विकेट पर 180 रन बनाकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। विजय शंकर ने 24 गेंद में नाबाद 51 रन बनाए और दो चौके व पांच छक्के जड़े। उनके अलावा डेविड मिलर भी 18 गेंद में 32 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने दो चौके व इतने ही छक्के जड़े। 

गुरबाज ने कोलकाता को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया
इससे पहले गुजरात के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर केकेआर को बल्लेबाजी का निमंत्रण दिया। गुरबाज लंबे शॉट खेलने के लिए जाने जाते हैं और उन्होंने गुजरात के गेंदबाजों को इसकी झलक दिखाई। उनके दम पर ही कोलकाता ने पावरप्ले के शुरुआती छह ओवर में दो विकेट पर 61 रन बनाए। हार्दिक पर उन्होंने लगातार तीन चौके लगाए तो शमी और अफगानिस्तान के अपने साथी राशिद पर भी छक्के जड़े। इस दौरान शमी ने जगदीशन को पगबाधा और शार्दुल ठाकुर को मोहित शर्मा के हाथों कैच आउट कराया।

तीन गेंदों के अंदर दो विकेट गिरे
इसके बाद केकेआर की रन गति पर असर पड़ने लगा और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जोशुआ लिटिल ने मेजाबन टीम के मध्य क्रम को जल्दी पवेलियन भेज दिया। उन्होंने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए वेंकटेश अय्यर (11) और कप्तान नितीश राणा (04) को तीन गेंदों के अंदर आउट कर दिया। हालांकि इसके बाद गुरबाज को नूर अहमद ने राशिद के हाथों कैच आउट कराकर केकेआर के बड़े स्कोर की उम्मीद को झटका दिया। हालांकि रसेल ने राशिद पर दो छक्के लगाए और शमी की पारी की अंतिम गेंद पर आउट होने से पहले छक्का और चौका लगाकर टीम को लड़ने वाले स्कोर तक पहुंचा दिया। 

गिल अर्धशतक से चूके
गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही और रसेल (1/29) ने साहा (10) को हर्षित को हाथों कैच आउट कराकर टीम को पहला झटका दिया। इसके बाद गिल और कप्तान हार्दिक कमजोर गेंदों को बाउंड्री के पार भेजते रहे और रन गति को बढ़ाते रहे। इस दौरान हर्षित (1/25) ने हार्दिक (26) को पगबाधा करके इस साझेदारी को तोड़ दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 39 गेंद में 50 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद विजय शंकर ने गेंदबाजों की धुनाई करनी शुरू कर दी। बल्लेबाजी के दौरान लगा ही नहीं कि कोई गेंदबाज उन्हें परेशान कर पा रहा है।



वरुण की गेंदों पर तीन छक्के
विजय और मिलर ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाए और अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। विजय ने 17वें ओवर में वरुण की शुरुआती दो गेंदों में दो छक्के लगा दिए। फिर आखिरी गेंद पर भी छक्का जड़ा दिया। फिर नितीश राणा के ओवर में चौका लगाया तो छक्का जड़कर 24 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। फिर नितीश ने वाइड गेंद फेंक दी और इस एक रन के साथ गुजरात जीत गया।
विज्ञापन

कोच नेहरा को जीत का तोहफा 
गुजरात की टीम के कोच आशीष नेहरा का शनिवार को 44वां जन्मदिन था। टीम ने कोलकाता नाइटराइडर्स को हरकार अपने कोच को जीत का तोहफा दे दिया। वहीं, केकेआर के ऑलराउंडर आंद्रे रसेल को टीम जीत का तोहफा नहीं दे पाई। उनका 34वां जन्मदिन था। रसेल और राशिद खान ने इस मैच में आईपीएल में अपने 100 मैच पूरे किए। वरुण चक्रवर्ती ने भी अपना 50वां मैच खेला।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें