कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के मुख्य कोच चंद्रकांत पंडित का कहना है कि उनकी टीम जानती है कि मैदान पर शोर को किस तरह नजरअंदाज करना है। केकेआर का सामना बुधवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से कोलकाता के ईडेन गार्डेंस पर होना है। इस मैच के लिए कोलकाता में भारी संख्या में महेंद्र सिंह धोनी के फैंस होंगे जो केकेआर के घरेलू मैदान पर माही का समर्थन करेंगे।
कोलकाता में धोनी को मिलता है समर्थन
धोनी का कोलकाता के साथ भावनात्मक संपर्क रहा है और प्रशंसक भी केकेआर के फैंस होने के बावजूद धोनी का समर्थन करते हैं। चंद्रकांत ने मैच से पहले कहा, मुझे लगता है कि इस तरह के मुकाबलों के दौरान हर खिलाड़ी और हर टीम हमेशा अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करते है। कभी-कभी ऐसा होता है कि अगर कोई बल्लेबाज बल्लेबाजी कर रहा है और चारों ओर बहुत शोर है और अगर आप उस बल्लेबाज से पूछेंगे तो शायद वह कहेगा कि मैंने इसके बारे में कुछ नहीं सुना।
उन्होंने कहा, मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ था जब लोग मेरे से पूछते थे कि चारों ओर बहुत शोर है और आप कैसे ध्यान केंद्रित करते हैं। लेकिन कभी-कभी हम उस शोर को अपने आप अनदेखा कर देते हैं। इसलिए जाहिर है कि जब आप खेल पर ध्यान केंद्रित करते हैं तो यह इतना मायने नहीं रखता है।
ये भी पढ़ें: IPL 2025: कोहली के स्ट्राइक रेट पर सवाल उठाने पर भड़के डिविलियर्स, जताया भरोसा; विराट को दिया नया उपनाम
चंद्रकांत बोले- दबाव में नहीं है टीम
गत चैंपियन केकेआर को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अपने तीनों मैच जीतने होंगे। चंद्रकांत का कहना है उनकी टीम इस वक्त किसी तरह का दबाव महसूस नहीं कर रही है। केकेआर के कोच का कहना है कि उनकी टीम का बल्लेबाजी लाइन अप शानदार है, लेकिन इस सीजन प्रभावित नहीं कर सका है। उन्होंने कहा, दबाव तो नहीं है। हम हमेशा मानते हैं कि हमारे पास सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी क्रम है, दुर्भाग्य से यह काम नहीं कर रहा। उम्मीद है कि अगले तीन मैच में यह अपनी प्रतिभा से न्याय करेगा। हम प्रत्येक खिलाड़ी की क्षमता जानते हैं। हम उन पर विश्वास करते हैं। इसे बनाए रखने के लिए आपको उन्हें बहुत आत्मविश्वास देना होगा, सुनिश्चित करना होगा कि वे खुद पर विश्वास करें।