आईपीएल के 10वें सीजन के शुरू होने में मजह 2 दिन का वक्त शेष है लेकिन खिलाड़ियों की चोटें और अनुपलब्धता सभी आईपीएल टीमों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। ऐसी ही एक चुनौती से शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स भी जूझ रही थी लेकिन उन्हें अंततः अपनी परेशानी का समाधान मिल गया है।
Kolkata Knight Riders bring in Colin de Grandhomme to replace Andre Russell. #IPL2017 (file pic) pic.twitter.com/FBpdGRXIv5
— ANI (@ANI_news) April 3, 2017
डोपिंग में फंसने के कारण एक साल का प्रतिबंध झेल रहे ऑलराउंडर आंद्रे रसल केकेआर के लिए इस सीजन में नहीं खेल पाएंगे। लेकिन उनका विकल्प ढूंढना केकेआर के लिए लोहे के चने चबाने जैसा साबित हुआ। अंततः उनकी खोज न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर कोलिन डि ग्रैंडहोम पर आकर खत्म हुई।
ग्रैंडहोम ने अब तक अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में न्यूजीलैंड की ओर से छह टेस्ट, नौ वनडे और आठ टी-20 मैच खेले हैं। उन्होंने 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट पदार्पण किया था। पहली पारी में उन्होंने 41 रन देकर छह विकेट हासिल किए थे।
टी-20 करियर में ग्रैंडहोम 100 मैच खेल चुके हैं। जिनमें उन्होंने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 40 विकेट हासिल किए हैं। जबकि बल्लेबाजी में 26 की औसत से 1772 रन बनाए हैं। इन आंकड़ों को देखकर लगता है कि वह केकेआर के लिए आंद्रे रसेल की भरपाई कर सकते हैं।
आईपीएल के दसवें सीजन की शुरुआत 5 अप्रैल से हो रही है। दो बार की विजेता केकेआर को पहला मुकाबला 7 अप्रैल को गुजरात लायन्स के खिलाफ राजकोट में खेलना है।