इससे पहले टॉस हराकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत काफी खराब रही। 35 रन के स्कोर पर ही राजस्थान ने अपने दो महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। पहले ओवर की तीसरी गेंद पर रविचंद्रन अश्विन ने बड़ा झटका दिया। उन्होंने सलामी बल्लेबाज ड्रासी शॉर्ट (2) को एंड्रयू टाई के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। इसके कुछ देर बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे (5) भी आउट हो गए। रहाणे को अक्षर पटेल ने चौथे ओवर की चौथी गेंद पर क्रिस गेल के हाथों कैच आउट कराया। यहां से जोस बटलर और संजू सैमसन की जोड़ी ने राजस्थान की पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन 11वें ओवर की अंतिम गेंद पर एंड्रयू टाई ने सैमसन (28) को नायर के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। तीसरे विकेट के लिए सैमसन और बटलर के बीच 49 रन की साझेदारी हुई।
इसके बाद 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर बेन स्टोक्स (12) के रूप में राजस्थान को चौथा झटका लगा। मुजीब उर रहमान ने उन्हें मनोज तिवारी के हाथों कैच आउट करवाया। मनोज ने स्टोक्स का शानदार कैच पकड़ा। वहीं, इसके कुछ ही देर बाद 15वें ओवर की पहली और दूसरी गेंद पर मुजीब उर रहमान लगातार दो विकेट झटके। उन्होंने पहली गेंद पर जोस बटलर और दूसरी गेंद पर जोफ्रा आर्चर को अपना शिकार बनाया। बटलर ने 39 गेंदों में 7 चौके की मदद से 51 रन की शानदार 5 पारी खेली, जबकि आर्चर गोल्डन डक के शिकार हुए।
इसके बाद 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर अंकित राजपूत ने के गौतम (5) को अपना शिकार बनाया। उनका कैच मार्कस स्टोनिस ने पकड़ा। 18वें ओवर की पहली गेंद पर राजस्थान का आठवां विकेट गिरा। टाई ने राहुल त्रिपाठी (11) को कप्तान अश्विन के हाथों कैच आउट कराया। अमतिम ओवर में गोपाल 24 रन बनाकर रनआउट हो गए। पंजाब की तरफ से मुजीब ने 3, टाई ने 2, जबकि अश्विन, पटेल और अंकित ने संयुक्त रूप से 1-1 विकेट लिए।
इससे पहले किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान रविचंद्रन अश्विन ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल 2018 के सुपरसंडे मुकाबले (38वें) में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दोनों टीमों में 1-1 बदलाव किया गया। किंग्स इलेवन पंजाब ने युवराज सिंह की जगह मनोज तिवारी को शामिल किया। वहीं, राजस्थान रॉयल्स ने धवल कुलकर्णी के बदले अनुरीत सिंह को जगह दी। अनुरीत का यह राजस्थान की तरफ से डेब्यू मैच।
टीमेंः-
किंग्स इलेवन पंजाब: केएल राहुल, क्रिस गेल, मयंक अग्रवाल, करूण नायर, मनोज तिवारी, मार्कस स्टोनिस, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन (कप्तान), एंड्रयू टाई, मुजीब उर रहमान, अंकित राजपूत।
राजस्थान रॉयल्स: ड्रासी शॉर्ट, जोस बटलर, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), संजू सैमसन, बेन स्टोक्स, राहुल त्रिपाठी, स्टुअर्ट बिन्नी, के. गौतम, जोफ्रा आर्चर, जयदेव उनादकट, अनुरीत सिंह, श्रेयस गोपाल।