फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खेलो इंडिया: सरताज सिंह के सिर सजा ताज, ओडिशा को हॉकी का स्वर्ण

Tue, 15 Jan 2019 09:18 PM IST
Mukesh Jha स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
khelo india
विज्ञापन

पंजाब के निशानेबाज सरताज सिंह ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स के निशानेबाजी के 50 मीटर थ्री पोजीशन स्पर्धा के रोमांचक मुकाबले में मंगलवार को मध्य प्रदेश के राष्ट्रीय जूनियर चैम्पियन ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर को पछाड़ कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 

विज्ञापन


मीडिया विज्ञप्ति के मुताबिक पटियाला के 16 साल के इस निशानेबाज ने फाइनल में 447.2 का स्कोर बनाया। उन्होंने नीलिंग में 151.7 और प्रोन में 150.5 अंक जुटाए थे। अंतिम निशाने से पहले वह ऐश्वर्य से 0.6 अंक आगे थे जिसके बाद ऐश्वर्य ने 9.6 का निशाना साधा लेकिन सरताज ने 9.1 का निशाना लगाकर पीला तमगा हासिल किया। 

इस बीच तेलंगाना की 13 वर्षीय ईशा सिंह और महाराष्ट्र की हर्षदा निथवे ने लड़कियों के क्रमशः अंडर-17 और अंडर-21 वर्ग के 10 मीटर एयर पिस्टल का स्वर्ण पदक जीतने में सफल रही।
विज्ञापन


ओडिशा को अंडर-21 पुरूष हाकी का स्वर्ण
ओडिशा ने हरियाणा की दोहरा खिताब जीतने की उम्मीदों पर पानी फेरकर मंगलवार को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से जीत दर्ज करके खेलो इंडिया यूथ गेम्स में लड़कों की अंडर-21 हॉकी प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक जीता। 

हरियाणा ने सोमवार को पंजाब को हराकर लड़कों के अंडर-17 वर्ग का स्वर्ण पदक जीता था लेकिन अंडर-21 वर्ग में अच्छा खेल दिखाने के बावजूद उसे हार झेलनी पड़ी। दोनों टीमें नियमित समय तक 2-2 से बराबरी पर थी लेकिन टाईब्रेकर में ओडिशा ने दबदबा बनाया। कांस्य पदक के लिये खेले गये मैच में पंजाब ने उत्तर प्रदेश को पेनल्टी शूटआउट में 3-1 से हराया। दोनों टीमें नियमित समय तक 1-1 से बराबरी पर थी। 

मंडल का गोल्डन पंच 

दिल्ली के युवा तैराक स्वदेश मंडल ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स में अपना सोना लूटो अभियान जारी रखते हुए मंगलवार को एक और स्वर्ण पदक जीता। स्वदेश अब तक पांच गोल्ड जीत चुके हैं। उन्होंने लडकों के अंडर-17 वर्ग की 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में 2:26.91 सेकंड के साथ पीला तमगा जीता।

रजत पश्चिम बंगाल के श्रीदीप मंडल और कांसा कर्नाटक के लतीश के खाते में गया। 50 मीटर बैकस्ट्रोक में दिल्ली के तन्मय (27.82 सेकंड) ने स्वर्ण और नानक (28.36 सेकंड) कांसा जीता। रजत तमिलनाडु के मोहित ने जीता। सौ मीटर फ्रीस्टाइल में हरियाणा के वीर (53.54 सेकंड) चैंपियन बने।

लड़कों के अंडर-21 वर्ग की दस मीटर फ्रीस्टाइल और 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में कर्नाटक के श्रीहरि नटराज ने बाजी मारकर दिन का गोल्डन डबल पूरा किया। लड़कियों के अंडर-17 वर्ग में दिल्ली की प्राची टोक्स ने 1500 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा का स्वर्ण 18:09.31 सेकंड के समय के साथ जीता। सौ मीटर बटरफ्लाई में दिल्ली अस्था चौधरी (1:06.84 सेकंड) और उत्तरा (1:07.52 सेकंड) क्रमश: पहले व दूसरे स्थान पर रहीं।
विज्ञापन

नटराज ने जीता सातवां स्वर्ण, महाराष्ट्र पदक तालिका में टॉप पर

कर्नाटक के युवा युवा तैराक श्रीहरि नटराज ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2019 में मंगलवार को दो स्वर्ण पदक और जीतकर अपने पदकों की संख्या सात कर दी जबकि मेजबान महाराष्ट्र ने पदक तालिका में दबदबा बनाये रखा। महाराष्ट्र इन खेलों में अभी तक कुल 177 पदकों के साथ पहले स्थान पर है जिसमें से 64 स्वर्ण, 51 रजत और 62 कांस्य पदक शामिल हैं। दिल्ली कुल 121 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है और उसके हिस्से 47 स्वर्ण, 31 रजत और 43 कांस्य पदक शामिल हैं। हरियाणा के 110 पदक हैं जिसमें से 37 स्वर्ण, 35 रजत और 38 कांस्य पदक शामिल हैं।
 
रैंक राज्य स्वर्ण रजत कांस्य कुल पदक
1 महाराष्ट्र 64 51 62 177
2 दिल्ली 47 31 43 121
3 हरियाणा 37 35 38 110
4 कर्नाटक 28 26 18 72
5 तमिलनाडु 22 31 18 72
6 उत्तर प्रदेश 21 23 31 75
7 पंजाब 18 14 21 53
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें