आर समर्थ (117) के शानदार शतक की बदौलत कर्नाटक ने सोमवार को देवधर ट्रॉफी के दूसरे मैच में इंडिया बी पर रोमांचक जीत दर्ज की। कर्नाटक ने इंडिया बी को 6 रन से हराया। कर्नाटक ने पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 296 रन बनाए। जवाब में इंडिया बी की टीम निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 290 रन ही बना सकी। अब फाइनल में खेलने वाली टीमों का फैसला 6 मार्च को इंडिया ए और कर्नाटक के बीच होने वाले मैच से होगा।
कर्नाटक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। आर समर्थ (117) ने पवन देशपांडे (46) के साथ तीसरे विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी की और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। हां, पूरे सीजन में शानदार फॉर्म में रहने वाले मयंक अगरवाल ने 44 रनों का योगदान दिया। इंडिया बी की तरफ से सिद्धार्थ कॉल ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। इसके अलावा जयंत यादव व हर्षल पटेल ने दो-दो तथा उमेश यादव ने एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया बी की शुरुआत बेहद खराब रही और 23 रन के स्कोर पर उसके तीन विकेट गिर चुके थे। इसके बाद मनोज तिवारी (120) ने कप्तान श्रेयस अय्यर (33) के साथ चौथे विकेट के लिए 85 रन जोड़कर टीम को संभाला और फिर पांचवें विकेट के लिए सिद्धेश लाड (70) के साथ 133 रन जोड़कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया था, लेकिन 42वें ओवर में कर्नाटक की टीम ने मनोज तिवारी के विकेट के साथ वापसी की और इंडिया बी जीत से दूर रह गई।
सिद्धेश लाड ने भरसक प्रयास किया, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। अंत में उमेश यादव ने 13 और धर्मेन्द्रसिंह जडेजा ने 19 रन बनाये। कर्नाटक की तरफ से श्रेयस गोपाल ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। उनके अलावा प्रसिद्द कृष्णा ने दो और टी प्रदीप, कृष्णप्पा गौतम और स्टुअर्ट बिन्नी ने एक-एक विकेट लिया।