भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर प्रशंसा की है। उन्होंने वैभव को बेहतरीन खिलाड़ी बताते हुए कहा कि जब वह इस टैलेंट के साथ और अधिक परिपक्व हो जाएंगे, तो इसका फायदा भारतीय टीम को मिलेगा। हाल ही में वैभव सूर्यवंशी ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में 53 गेंदों में 204 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
वैभव को जमकर सराहा
वैभव को लेकर बात करते हुए पूर्व भारतीय क्रिकेटर कपिल देव ने कहा,वह बहुत अच्छे प्लेयर हैं। इतने छोटे लड़के के लिए ऐसे रिकॉर्ड बनाना आसान नहीं है। जैसे-जैसे समय जाएगा वो और अधिक परिपक्व हो जाएंगे। इतने टैलेंट के बाद परिपक्वता आएगी, तो यह भारतीय टीम के लिए अच्छा होगा।
आईपीएल के आगामी सीजन को लेकर भारत के पूर्व कप्तान ने कहा कि वह इस टी20 लीग का आनंद लेंगे और यह देखेंगे कि कौन से नए युवा खिलाड़ी निकलकर आएंगे, जो आगे चलकर भारत के लिए खेल सकें। हमारे लिए यह ज्यादा महत्वपूर्ण है। भारतीय कप्तानी को लेकर चल रही चर्चा पर कपिल देव ने कहा कि सीरीज के बीच में कप्तानी पर बात नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सीरीज के बीच में चर्चा करके आप अपने कप्तान पर दबाव डालने का काम कर रहे हैं। भारत को पहला विश्व कप जिताने वाले कप्तान ने कहा कि बीच सीरीज के बजाय, सीरीज के बाद कप्तान, कोच और टीम के प्रदर्शन को लेकर चर्चा होनी चाहिए।