आईपीएल सीजन 6 में स्पॉट फिक्सिंग के आरोप में गिरफ्तार तेज गेंदबाज श्रीसंत की मुश्किलें चारों तरफ से बढ़ती जा रही हैं।
क्रिकेट से इतर डांस और फिल्म के शौकीन श्रीसंत की एक दक्षिण की फिल्म से भी छुट्टी कर दी गई है। प्रख्यात मलयालम कवि और संगीतकार के दामोदरन नंबूदीरी ने अपनी पहली निर्देशित फिल्म मझाविलिनट्टम वारे से श्रीसंत पर फिल्माए गए दृश्यों को हटाने का फैसला किया है।
नंबूदीरी ने कहा कि वह व्यक्तिगत तौर श्रीसंत के विरोध में नहीं हैं। वह देश के बेहतर तेज गेंदबाज हैं और उनके अच्छे दोस्त भी हैं। लेकिन फिलहाल उनकी गलत छवि को देखते हुए फिल्म से श्रीसंत के दृश्यों को हटाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और इसे सितंबर में ओणम के समय रिलीज किया जाएगा। इस फिल्म में भारत दौर पर आए एक पाकिस्तानी युवा क्रिकेटर के जीवन को दर्शाया गया है।
फिल्म में श्रीसंत पूर्व विकेट कीपर सैयद किरमानी के कैंप में शामिल हैं। इस फिल्म में लंदन में रहने वाले पाकिस्तानी संगीतकार अब्बास हसन और अर्चना कवि मुख्य भूमिका में हैं।