इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली है और वह नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए 8000 या इससे अधिक टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। रूट दुनिया के ऐसे चौथे बल्लेबाज हैं जिन्होंने इस स्थान पर बल्लेबाजी करते हुए इतने रन बनाए हैं। रूट भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन इस उपलब्धि पर पहुंचे।
इस उपलब्धि पर पहुंचने वाले चौथे बल्लेबाज
रूट से पहले टेस्ट क्रिकेट में नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए 8000 या इससे ज्यादा रन सचिन तेंदुलकर, माहेला जयवर्धने और जैक कैलिस ने बनाए हैं। रूट ने चौथे दिन लंच से पहले ही यह उपलब्धि अपने नाम कर ली थी। सचिन एकमात्र बल्लेबाज हैं जिन्होंने इस स्थान पर बल्लेबाजी करते हुए 10000 से अधिक रन बनाए हैं। सचिन ने टेस्ट में चौथे स्थान पर बल्लेबाजी करते हुए 179 मैचों में 13492 रन बनाए हैं। दूसरे स्थान पर जयवर्धने है जिन्होंने 124 मैचों में 9509 रन और कैलिस ने 9033 रन बनाए हैं।
रूट पहली पारी के बाद दूसरी पारी में भी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन वॉशिंगटन सुंदर ने उन्हें बोल्ड कर पवेलियन भेजा। रूट 96 गेंदों पर एक चौके की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए। रूट ने लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में शतक लगाया था, लेकिन दूसरी पारी में जब तक वह खतरा बनते उससे पहले ही सुंदर ने उन्हें पवेलियन भेजकर इंग्लैंड को पांचवां झटका दिया।
रूट पहली पारी में शतक लगाने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक टेस्ट शतक लगाने वाले दुनिया के पांचवें बल्लेबाज बन गए थे। रूट भारत के खिलाफ 3000 टेस्ट रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए थे। रूट उन खिलाड़ियों में शामिल हो गए थे जिन्होंने किसी एक टीम के खिलाफ टेस्ट में 3000 रन बनाए हैं।