18 साल की जेमिमा ने इंग्लैंड में खेली जा रही KIA Super League में तूफानी पारी खेलकर टी-20 क्रिकेट के कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। टीम इंडिया की इस धाकड़ लड़की ने रविवार को यॉर्कशायर डायमंड्स की ओर से खेलते हुए साउदर्न वाइपर्स के खिलाफ महज 51 गेंदों में शतक जड़ दिया। ये इस लीग का अब तक का सबसे तेज शतक है।
जेमिमा ने 58 गेंदों में नाबाद 112 रन बनाए जिसकी बदौलत यॉर्कशायर डायमंड्स ने साउदर्न वाइपर्स को 4 विकेट से हरा दिया। जेमिमा ने अपनी इस पारी के दौरान 17 चौके और 1 छक्का लगाया। यही नहीं, जेमिमा की ये पारी विदेशी लीग में किसी भारतीय महिला क्रिकेटर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।
इससे पहले ये रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका की महिला क्रिकेटर लिजेल ली के नाम था जिन्होंने 55 गेंदों पर शतक बनाया था। इस तूफानी पारी के साथ ही जेमिमा हमवत स्मृति मंधाना के बाद विदेशी टी-20 लीग में शतक लगाने वाली दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। स्मृति ने पिछले साल इसी लीग में 61 गेंदों में 102 रन की तूफानी पारी खेली थी।
बताते चलें कि जेमिमा रोड्रिग्ज किया सुपर लीग 2019 में अब तक 9 मैचों में 56.83 के औसत और 141.49 के स्ट्राइक रेट से 341 रन बना चुकी हैं। इसमें 1 शतक और 1 अर्धशतक शामिल हैं।