भारत की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स हैमस्ट्रिंग चोट के कारण इंग्लैंड में जारी द हंड्रेड से बाहर हो गई हैं, जिससे आगामी महिला टी20 एशिया कप में उनके खेलने को लेकर भी संशय पैदा हो गया है। जेमिमा टूर्नामेंट में सदर्न ब्रेव की ओर से खेल रही थीं। सदर्न ब्रेव ने शनिवार को पुष्टि की कि जेमिमा की जगह ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर चार्ली नॉट को टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों के लिए टीम में शामिल किया गया है। फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जेमिमा के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
द हंड्रेड में शानदार प्रदर्शन
25 वर्षीय जेमिमा ने सदर्न ब्रेव के लिए छह पारियों में 143 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 35.75 और स्ट्राइक रेट 131.19 रहा। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 42 रन रहा। जेमिमा भारतीय टी20 टीम की बल्लेबाजी की अहम कड़ी हैं। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की चौथी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। उन्होंने 119 के स्ट्राइक रेट से 2824 रन बनाए हैं। ऐसे में उनकी चोट एशिया कप से पहले भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय है।
एशिया कप के लिए समय कम
महिला टी20 एशिया कप का आयोजन 28 अगस्त से शुरू होना है और भारत अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ करेगा। जेमिमा के पास चोट से उबरने और फिटनेस हासिल करने के लिए तीन सप्ताह से भी कम समय है। भारतीय टीम प्रबंधन अब उनकी चोट की गंभीरता और रिकवरी पर करीबी नजर रखेगा। जेमिमा की उपलब्धता भारत के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि टीम एशिया कप की सबसे सफल टीम है और अब तक सात बार खिताब जीत चुकी है। अगर जेमिमा समय पर फिट नहीं होती हैं तो भारत को मध्यक्रम में उनके विकल्प पर विचार करना पड़ सकता है।