जेमिमा रोड्रिग्ज (36 रन, 15 गेंद) और पूनम यादव (4/26) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने 5 मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मैच में बुधवार को श्रीलंका को 13 रन से शिकस्त दे दी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए, जिसके जवाब में मेजबान टीम 19.3 ओवर में 155 रन ही बना सकी।
श्रीलंका की शुरुआत दमदार रही थी। कप्तान अटापट्टू (27) और यशोदा मेंडिस (32) ने पहले विकेटके लिए 2.5 ओवर में 39 रन जोड़े। मेंडिस को अरुंधती रेड्डी ने पवेलियन भेजकर मेजबान टीम को पहली सफलता दिलाई। शुरुआती झटका लगने के बाद श्रीलंका की पारी लड़खड़ा गई और मेजबान टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट खोए। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आईं इशानी कौशल्या ने 45 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन पूनम यादव ने उन्हें आउट करके श्रीलंका की वापसी के रास्ते बंद कर दिए। पूनम यादव ने चार ओवर में 26 रन देकर मैच में सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। राधा यादव और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने दो-दो विकेट लिए, जबकि पाटिल एवं रेड्डी को एक-एक विकेट मिला। दूसरा टी-20 कोलंबो में शुक्रवार को खेला जाएगा
रोड्रिग्ज ने लगाए एक ओवर में तीन छक्के
18 साल की युवा बल्लेबाज रोड्रिग्ज ऐसी पहली महिला क्रिकेटर हो गईं जिन्होंने एक ओवर में तीन छक्के मारे। भारत की शुरुआत खराब रही थी। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना बिना खाता खोले ही आउट हो गईं। अनुभवी बल्लेबाज मिताली राज ने 17 रन बनाए। जेमिमा रोड्रिग्ज ने विकेटकीपर तान्या भाटिया (46) के अलावा अनुजा पाटिल (36) ने अहम पारी खेली। तान्या भाटिया ने अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया।