पिछले साल की उपविजेता सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन इस सीजन अच्छा नहीं रहा और वह प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो गई है। सनराइजर्स को शुक्रवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 38 रनों से हार का सामना करना पड़ा था जिससे उसके लिए प्लेऑफ की राह बेहद कठिन हो गई है। सनराइजर्स अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। टीम के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने खराब प्रदर्शन के लिए अप्रभावी गेंदबाजी और पिच की बदलती परिस्थितियों को जिम्मेदार ठहराया।
तालिका में नौवें स्थान पर है सनराइजर्स
गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 224 रन बनाए थे, जवाब में सनराइजर्स की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 186 रन ही बना सकी। इस हार के बाद हैदराबाद के 10 मैचों में तीन जीत और सात हार के साथ छह अंक हैं और वह तालिका में नौवें स्थान पर है। सनराइजर्स की टीम पिछले साल फाइनल में पहुंची थी और इसमें उसके बल्लेबाजों का योगदान महत्वपूर्ण रहा था जिन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से नए मानदंड स्थापित किए थे लेकिन इस बार उसके बल्लेबाज वह कमाल नहीं दिखा पाए।
उनादकट ने कहा, आईपीएल में खेलने के अपने अनुभव से मैं कह सकता हूं कि किसी टीम के अच्छे प्रदर्शन के लिए उसके गेंदबाजी विभाग में तीन या चार ऐसे खिलाड़ी होने चाहिए जो लगातार बेहतर प्रदर्शन करें। इस बार हमारी टीम में इसकी कमी दिखी। हमारे अगर दो गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे तो बाकी तीन उनका सहयोग नहीं कर रहे थे।
ये भी पढ़ें: RCB vs CSK: कोहली ने आरसीबी-सीएसके के बीच प्रतिद्वंद्विता को विशेष बताया, चिन्नास्वामी के माहौल पर रखी राय
गुजरात को रोकने में असफल रहा गेंदबाजी आक्रमण
सनराइजर्स की टीम पहले गेंदबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस के शीर्ष क्रम को रोकने में विफल रहा। उनादकट पारी के अंतिम ओवर में तीन विकेट लेने में सफल रहे थे। उन्होंने कहा, जैसे हम साझेदारी को बल्लेबाजी के संदर्भ में देखते हैं, मुझे लगता है कि यह गेंदबाजी में भी वैसा ही है क्योंकि जब आप दोनों छोर से अच्छी गेंदबाजी नहीं करते हैं, तो इससे दूसरे खिलाड़ी पर अनावश्यक दबाव बनता है। इससे आपकी रणनीति बदल जाती है। इसलिए टूर्नामेंट में हमारे खराब प्रदर्शन के लिए हमारे गेंदबाज विभाग को जिम्मेदारी लेनी होगी।