भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले ट्रेनिंग सीजन के बाद नेट्स पर गेंदबाजी करते नजर आए। बुमराह का कार्यभार प्रबंधन को देखते हुए दूसरे टेस्ट में खेलना तय नहीं माना जा रहा है, लेकिन उन्हें नेट्स पर गेंदबाजी करने से ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि ये अनुभवी गेंदबाज दूसरे टेस्ट में खेल सकता है।
कार्तिक को बुमराह के खेलने पर संशय
दूसरे टेस्ट मैच में खेलने के संशय के बीच बुमराह पूरी तीव्रता से गेंदबाजी करते नजर आए। बुमराह का नेट्स पर अभ्यास करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है। भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच दो जुलाई से शुरू हो रहा है। इंग्लैंड दौरे पर बुमराह का कार्यभार प्रबंध चर्चा का विषय रहा है और इस तेज गेंदबाज ने भी कहा था कि वह सीरीज के पांचों मैच में नहीं खेलेंगे। पहले टेस्ट मैच में बुमराह ने कुल 43.4 ओवर गेंदबाजी की और पांच विकेट लेने में सफल रहे थे। हाल ही में पूर्व भारतीय बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने भी इस बात पर संदेह जताया था कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में खेलेंगे।
पहले टेस्ट मैच के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर ने इस बात को स्वीकार किया था कि बुमराह को लेकर भारतीय टीम की रणनीति में कोई बदलाव नहीं होगा और वह सीरीज में तीन मैच ही खेलेंगे। बुमराह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के दौरान पांचवें टेस्ट मैच में चोटिल हो गए थे और उन्होंने आईपीएल 2025 से मैदान पर वापसी की थी। बुमराह चोट के कारण चैंपियंस ट्रॉफी में भी हिस्सा नहीं ले सके थे।
बुमराह को लेकर सतर्कता बरत रहा टीम प्रबंधन
भारतीय टीम प्रबंधन बुमराह को लेकर सतर्कता बरत रहा है। पहले टेस्ट मैच में बुमराह के अलावा अन्य गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके थे और दूसरे छोर पर उन्हें साथ नहीं मिल रहा था। पहले टेस्ट मैच में भारत की हार का कारण भारत की खराब गेंदबाजी रही थी। बुमराह ने जहां पहली पारी में पांच विकेट लिए थे, वहीं दूसरी पारी में वह खाली हाथ रहे थे। इस सीरीज में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण काफी हद तक बुमराह पर निर्भर है। भारतीय टीम पांच मैचों की सीरीज में फिलहाल 0-1 से पीछे चल रही है, ऐसे में बुमराह को टीम को वापसी कराने की जिम्मेदारी है।