विकेटकीपिंग उनकी मुख्य भूमिका नहीं है लेकिन पिछले कुछ समय से लोकेश राहुल ने सीमित ओवरों के प्रारूप में इसका भरपूर लुत्फ उठाना शुरू कर दिया है और उनकी नजर में जसप्रीत बुमराह के सामने विकेट के पीछे खड़े होना सबसे मुश्किल है।
राहुल ने रविवार को अपने ट्विटर हैंडल पर सवाल जवाब सत्र के दौरान कहा, ‘विकेटकीपिंग का भरपूर लुत्फ उठा रहा हूं। वह गेंदबाज जिसके सामने विकेटकीपिंग करना सबसे मुश्किल है, जसप्रीत बुमराह हैं।’ अब तक भारत की तरफ से 36 टेस्ट, 32 वनडे ओर 42 टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेलने वाले राहुल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीमित ओवरों की घरेलू सीरीज से विकेटकीपिंग का जिम्मा संभाला और फिर न्यूजीलैंड दौरे में भी यह भूमिका निभाई।
राहुल ने कहा कि आईपीएल 2016 में रायल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) की तरफ से खेलना उनके करिअर के लिए महत्वपूर्ण रहा।