भारतीय क्रिकेट फैंस को लंबे समय स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी का इंतजार है। उनके मन में बस एक ही सवाल है कि बुमराह कब वापसी करेंगे? सच तो यह है कि इसका उत्तर न तो खुद बुमराह के पास है न ही उनकी देखभाल में लगे लोगों के पास। हालांकि, इस बीच एक अच्छी खबर सामने आई है कि नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) में तेजी से उनकी फिटनेस पर काम हो रहा है और सुधार भी नजर आ रहे हैं।
बुमराह ने एनसीए में नेट्स पर एक दिन में सात ओवर फेंके हैं। इसे देखकर ऐसा माना जा रहा है कि वह विश्व कप से पहले पूरी तरह फिट हो जाएंगे। पीठ में बार-बार तकलीफ के बाद बुमराह ने मार्च में न्यूजीलैंड में सर्जरी करवाई थी। उस समय से वह रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। बुमराह पिछली बार सितंबर 2022 में भारत के लिए खेले थे। तब वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टी20 मैच में उतरे थे।
जसप्रीत बुमराह
- फोटो : सोशल मीडिया
वापसी पर नहीं की जा सकती भविष्यवाणी
अब सवाल उठता है कि क्या वह आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज या एशिया कप में वापसी कर पाएंगे? इस सवाल पर समाचार एजेंसी पीटीआई से एक सूत्र ने कहा, ''इस तरह की चोट के लिए कोई समयसीमा निर्धारित करना बुद्धिमानी नहीं है क्योंकि निरंतर निगरानी आवश्यक है। हालांकि, यह कहा जा सकता है कि बुमराह अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं और उन्होंने एनसीए नेट्स पर सात ओवर फेंके हैं।''
जसप्रीत बुमराह
- फोटो : सोशल मीडिया
एनसीए में अभ्यास मैच खेलेगें बुमराह
सूत्र ने पीटीआई से आगे कहा, ''बुमराह अगले महीने एनसीए में कुछ अभ्यास मैच खेलेंगे और तब उनकी फिटनेस का करीबी आकलन किया जाएगा।'' इसी बीच, टीम इंडिया के पूर्व स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच रामजी श्रीनिवासन ने कहा कि बुमराह को वापस लाते समय बेहद सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा, "उन्हें जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। एनसीए में अभ्यास मैच खेलना एक अच्छा कदम है क्योंकि इससे उनके शरीर को मैच की मांग के अनुरूप ढालने में मदद मिलेगी, लेकिन उन्हें शीर्ष पर लाने से पहले कुछ घरेलू मैचों में खेलना चाहिए।''
रामजी ने पीटीआई से कहा, ''अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मांगें अलग हैं और शरीर को उस मात्रा में काम का बोझ उठाने के लिए बिल्कुल तैयार रहना चाहिए। स्ट्रेस फ्रैक्चर से उबरना एक नाजुक अभ्यास है और बुमराह को अधिकतम रिकवरी का समय देना चाहिए।'' केएल राहुल और श्रेयस अय्यर भी उम्मीद के मुताबिक प्रगति कर रहे हैं। हालांकि, उनकी वापसी के लिए भी कोई विशेष समयरेखा निर्धारित नहीं की गई है। राहुल ने लंदन में जांघ की सर्जरी कराई थी, जबकि श्रेयस को भी अपनी पीठ के निचले हिस्से में उभरी हुई डिस्क से परेशान होकर लंदन में सर्जरी करानी पड़ी थी।