भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने कहा कि मैं जब भी विदेशी दौरे पर किसी नए देश में जाता हूं तो मैं हमेशा पहले से योजना बनाता हूं। किसी देश के लिए रवाना होने से पहले मैं वहां के कुछ वीडियो देखता हूं। वहां क्या चीजें काम करेंगी। घरेलू टीम वहां क्या करती है। लंबे दौरों के दौरान यह काफी महत्वपूर्ण है कि आप देश का लुत्फ उठाओ और विभिन्न स्थलों को देखो।
विराट कोहली की अगुवाई में 1 अगस्त से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए जसप्रीत बुमराह, रविचंद्रन अश्विन, इशांत शर्मा, रवि जडेजा, चेतेश्वर पुजारा और मोहम्मद शमी ने शुक्रवार को इंग्लैंड के लिए उड़ान भरी।
पुजारा और ईशांत ने सोशल मीडिया पर साथी क्रिकेटर्स के साथ तस्वीरें भी पोस्ट की। ये खिलाड़ी टी-20 और वन-डे सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं थे। हालांकि उपकप्तान अजिंक्य रहाणे और सलामी बल्लेबाज मुरली विजय भी टीम में नहीं थी, लेकिन वह पहले ही इंग्लैंड जा चुके हैं क्योंकि उन्हें इंडिया 'ए' की ओर से इंग्लैंड लॉयंस के खिलाफ एकमात्र अधिकारिक टेस्ट मैच खेलना है।
इस बीच बुमराह को लेकर एक बुरी खबर भी सामने आ रही है। सूत्रों की माने तो टीम के इस प्रमुख तेज गेंदबाज के बाएं हाथ के अंगूठे की सर्जरी सफल नहीं हुई है। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने डेक्कन क्रॉनिकल से बातचीत में कहा, बुमराह के बाएं हाथ के अंगूठे में फ्रैक्चर है। मुझे जो पता चला है, वो यह है कि ऑपरेशन सफल नहीं हुआ है।
गुजरात के तेज गेंदबाज का पहले तीन टेस्ट के लिए घोषित 18 सदस्यीय टीम में नाम शामिल था, लेकिन उनकी उपलब्धता की उम्मीद दूसरे टेस्ट से थी। बता दें कि इंग्लैंड और टीम इंडिया के बीच दूसरे टेस्ट की शुरुआत 9 अगस्त से लॉर्ड्स के मैदान पर होगी।
24 वर्षीय तेज गेंदबाज को बाएं हाथ के अंगूठे में चोट आयरलैंड के खिलाफ पहले टी-20 इंटरनेशनल मैच में लगी थी, जब वह अपने रन-अप पर एक शॉट रोकने का प्रयास कर रहे थे। इसके बाद वह इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल और वन-डे सीरीज से बाहर हुए।