भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान दिग्गज कपिल देव के लिए आज की तारीख बेहद खास है। 1983 में भारत को अपनी कप्तानी में पहला विश्व कप दिलाने वाले कपिल महान ऑलराउंडरों में शुमार रहे। उन्होंने अपने ऑलराउंड खेल से भारत को कई मुकाबले जिताए और कई उपलब्धियां भी हासिल की। ऐसा ही एक रिकॉर्ड उन्होंने 30 जनवरी 1994 को बनाया था। इस दिन कपिल ने न्यूजीलैंड के दिग्गज रिचर्ड हैडली के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की थी।
साल 1994 में श्रीलंका के खिलाफ घरेलू टेस्ट मैच में कपिल देव ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज सर रिचर्ड हैडली के बनाए विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की थी। इस दिन उन्होंने 431वां टेस्ट विकेट हासिल कर कीवी दिग्गज हैडली के विश्व रिकॉर्ड को संयुक्त रूप से अपने नाम किया था।
श्रीलंकाई टीम उस वक्त भारत के दौरे पर थी, बंगलूरु में दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा था। इस मैच में कपिल ने दोनों पारियो में मिलाकर कुल पांच विकेट अपने नाम किए थे और इसी दौरान उन्होंने 431वां टेस्ट विकेट भी हासिल किया था। इस टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने डॉन अनुरासीरी का विकेट हासिल कर यह खास उपलब्धि हासिल की थी।
कपिल ने पहली पारी में 53 रन बनाए थे और कुल पांच विकेट भी चटकाए थे। उनके इस ऑलराउंड खेल के दम पर भारत ने यह मैच एक पारी और 95 रन से जीता था। कपिल ने इसके बाद इसी सीरीज के आखिरी मुकाबले में अहमदाबाद में हर्षण तिलकरत्ने के विकेट के साथ ही हैडली के विश्व रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया था। इसके बाद वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी बन गए थे।
कपिल ने अपने टेस्ट करियर में 131 मैचों में 434 विकेट चटकाए। उनका यह विश्व रिकॉर्ड 16 सालों तक बरकरार रहा और फिर साल 2000 में कैरेबियाई दिग्गज कर्टनी वाल्श ने इसे तोड़ा। कपिल आज भी भारत की तरफ से सबसे अधिक विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज हैं।