इंडियन प्रीमियर लीग और लंबे वक्त से टीम इंडिया में अपनी जगह न बना पाने वाले बाएं हाथ के स्विंग गेंदबाज इरफान पठान अब खिलाड़ी नहीं बल्कि कोच के तौर पर मैदान में नजर आएंगे। दरअसल जम्मू-कश्मीर क्रिकेट संघ ने पठान को 2018-19 सीजन के लिए अपनी टीम का कोच-कम-मेंटर बनाने का फैसला किया है।
संघ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशिक बुखारी ने शुक्रवार को मीडिया के सामने इस बात की घोषणा की। उन्होंने कहा, 'इरफान पठान एक साल तक हमारी टीम के कोच-कम-मेंटर रहेंगे।'
बता दें कि पठान बीते दिनों आईपीएल के अलावा पिछले सीजन रणजी टीम में भी अपनी जगह बना पाने में असफल रहे थे। इसके बाद उन्हें बड़ौदा की वन-डे और टी20 टीम में भी शामिल नहीं किया गया। जबकि इससे पहले वह दो सत्र तक बड़ौदा टीम की कप्तानी कर चुके थे।
33 वर्षीय पठान टीम इंडिया के लिए 29 टेस्ट, 120 वन-डे और 24 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट 2008 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद में खेला था। जबकि आखिरी वन-डे 2012 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था।