ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जेम्स पैटिंसन पसलियों में चोट के कारण भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट क्रिकेट मैच से बाहर हो गए हैं। यह मैच सात से 11 जनवरी तक सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने बयान में कहा, 'तेज गेंदबाज जेम्स पैटिंसन पसलियों में चोट के कारण ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच तीसरे टेस्ट मैच की टीम से बाहर हो गए हैं।'
पैटिंसन घर में गिरने के कारण चोटिल हो गए थे, उनकी जगह पर किसी खिलाड़ी का चयन नहीं किया गया है। सीए ने कहा, 'उनकी जगह पर टीम में किसी को नहीं चुना जाएगा और ब्रिस्बेन टेस्ट मैच से पहले उनकी चोट का आकलन किया जाएगा।'
30 वर्षीय पैटिंसन को पहले दो टेस्ट मैचों के लिए अंतिम एकादश में शामिल नहीं किया गया था। ऑस्ट्रेलिया मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, पैट कमिंस और नाथन लियोन के साथ मैदान पर उतरा था। सिडनी के आसपास बढ़े कोरोना केस सिडनी और आसपास के इलाकों में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण क्वींसलैंड ने न्यू साउथ वेल्स से यात्रा करने वाले लोगों के लिए अपनी सीमाएं बंद कर दी हैं।
टेस्ट मैच हालांकि इसके लिए एक अपवाद होगा और खिलाड़ी आईपीएल जैसे सख्त बायो-बबल में रहेंगे। बीसीसीआई ने अभी तक चौथे टेस्ट को ब्रिस्बेन से सिडनी स्थानांतरित करने के बारे में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से संपर्क नहीं किया है। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा, ‘स्थिति हमेशा बदल रही है। इसके लिए कुछ और दिन इंतजार करना चाहिए।