इंग्लैंड ने तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के संन्यास के बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए मार्क वुड को टीम में शामिल किया है। एंडरसन ने हाल ही में इंग्लैंड के लिए अपना 188वां टेस्ट मैच खेला और टीम को पारी और 114 रनों से जीत दिलाई। इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया। अब तेज गेंदबाज मार्क वुड को उनकी जगह टीम में शामिल किया गया है।
वुड को मिला मौका
34 वर्षीय गेंदबाज मंगलवार को नॉटिंघम में टीम से जुड़ेंगे। वह मार्च में भारत दौरे पर इंग्लैंड की टेस्ट टीम में शामिल थे। वुड इंग्लैंड के तेज गेंदबाजी आक्रमण से जुड़ेंगे जिसमें गुस एटकिन्सन, क्रिस वोक्स और डिलन पेनिंगटन शामिल हैं। पिछले महीने इंग्लैंड के टी20 विश्व कप अभियान से लौटने के बाद से वुड ने डरहम के लिए अभी तक कोई प्रथम श्रेणी मैच नहीं खेला है। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट की शुरुआत गुरुवार से होगी।
पहले टेस्ट मैच में क्या हुआ?
वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए टेस्ट मुकाबले में इंग्लैंड ने उन्हें पारी और 114 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड की टीम तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से आगे हो गई। इंग्लैंड ने तीसरे दिन ही वेस्टइंडीज को हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। वेस्टइंडीज की दूसरी पारी पूरी तरह लड़खड़ा गई थी और उस पर पारी की हार का खतरा मंडरा रहा था। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक वेस्टइंडीज ने छह विकेट पर 79 रन बनाए थे और वह अभी इंग्लैंड से 171 रन पीछे चल रहा था। स्टंप्स के समय जोशुआ डा सिल्वा आठ रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। तीसरे दिन वह सिर्फ एक रन बना सके। इसके बाद शमार जोसेफ ने तीन, जेडन सील्स ने आठ और गुडाकेश मोटी ने 31(नाबाद) रन बनाए। 136 रन पर पूरी टीम दूसरी पारी में ऑलआउट हो गई।