पूर्व भारतीय क्रिकेटर जैकब मार्टिन को वडोदरा में नशे की हालत में गाड़ी चलाने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब 2.30 बजे जैकब मार्टिन (53) ने अपनी कार से तीन खड़ी कारों को टक्कर मार दी। घटना वडोदरा जिले के अकोटा इलाके स्थित पुणित नगर सोसायटी के पास हुई।
तीन गाड़ियों को मारी टक्कर
पुलिस का कहना है कि नशे की हालत में वाहन चलाने के कारण मार्टिन ने गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया और एक घर के बाहर खड़ी तीन कारों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के कुछ घंटों बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
क्षतिग्रस्त कारों के मालिक की शिकायत के आधार पर जैकब मार्टिन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की लापरवाही और नशे में वाहन चलाने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मार्टिन की कार को भी जब्त कर लिया है। जैकब मार्टिन भारत के लिए 10 वनडे मैच खेल चुके हैं और बड़ौदा रणजी टीम के कप्तान भी रह चुके हैं। इससे पहले वर्ष 2011 में उन्हें दिल्ली पुलिस ने मानव तस्करी के आरोप में भी गिरफ्तार किया था।