एक वक्त था भारतीय क्रिकेट में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का जलवा था, जबकि फिलहाल टीम इंडिया में विराट कोहली का बोलबाला है। इसमें कोई संदेह नहीं कि कोहली इस वक्त टीम इंडिया के मैच विनर हैं। लेकिन क्या सचिन से भी बड़े?
टी-20 में लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली की बल्लेबाजी का औसत 78.10 है। 17 टी-20 पारियों में कोहली ने 781 रन बनाए हैं। इसमें 8 अर्धशतक भी शामिल हैं। 7 बार वह नॉट आउट रहे हैं। कुल 40 टी-20 मैचों की 37 पारियों में कोहली 14 अर्धशतक के साथ 1092 रन बना चुके हैं। टी-20 में जब भी कोहली ने 40 से अधिक रन बनाए, भारत 70 फीसदी से ज्यादा मैच जीता है।
वहीं, सचिन की बात करें तो उन्होंने भारत के लिए सिर्फ एक टी-20 मैच खेला है। 2006 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस टी-20 मुकाबले में सचिन के बल्ले से हालांकि सिर्फ 10 रन ही निकले थे लेकिन भारत मैच जीतने में सफल रहा था।
सचिन वनडे में 463 मैचों की 452 पारियों में भारत के लिए खेल चुके हैं, इसमें 49 बार सेंचुरी लगाई है। इनमें 33 मैचों में भारत जीता, एक मैच टाई और एक मैच पर कोई नतीजा नहीं निकला। जबकि 14 मैचों में भारत को हार मिली है।
कोहली के वनडे में 25 शतक हैं, इसमें भारत 21 मैचों में जीता है। जबकि सिर्फ 4 मैचों में भारत को हार मिली है। लेकिन अभी दोनों क्रिकेटरों की आपस में तुलना करना जल्दीबाजी होगी, क्योंकि सचिन जितना क्रिकेट खेले हैं, कोहली अभी उसका आधा भी नहीं खेल पाए हैं।
वनडे में इस वक्त कोहली बतौर भारतीय क्रिकेटर सबसे ज्यादा शतक लगाने में सिर्फ सचिन से ही पीछे हैं। सचिन के 49 शतक के मुकाबले कोहली के 25 शतक हैं। तीसरे नंबर पर गांगुली 22 शतक के साथ हैं।
इस वक्त कोहली भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए सितारे हैं। जबकि सचिन भारतीय क्रिकेट का स्वर्णिंम इतिहास है, उन्होंने कई रिकॉर्ड भेदे। कोहली के पास अभी कई मौके हैं, रिकॉर्ड बनाने और तोड़ने के।